Monday, October 26 2026
ताज़ा ख़बरें

Entertainment

Latest Entertainment news, analysis, and in-depth coverage

🔥 Top Story

मुख्यमंत्री की मौजूदगी में बहतराई स्टेडियम में गूंजा तीजा तिहार का उल्लास*  *आस्था और पारिवारिक खुशहाली का महापर्व है तीजा : मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय*

अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर बिलासपुर छत्तीसगढ़...

State Head • Sep 07, 2026

More Stories

Hamar Pradesh CG News की कार्यकारिणी बैठक संपन्न, विभिन्न विषयों पर हुई विस्तृत चर्चा

📰 Hamar Pradesh CG News की कार्यकारिणी बैठक संपन्न, विभिन्न विषयों पर हुई विस्तृत चर्चा   रायपुर। Hamar Pradesh CG News की आज कार्यकारिणी बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा एवं विचार-विमर्श किया गया। बैठक में समाचार कवरेज को बेहतर बनाने, पत्रकारिता के कार्यों में आपसी समन्वय बढ़ाने और संगठन को मजबूत करने सहित आगामी कार्ययोजना को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई। बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने निष्पक्ष एवं जनहितकारी पत्रकारिता को और प्रभावी बनाने को लेकर अपने-अपने सुझाव रखे। साथ ही समाचारों को तेजी और विश्वसनीयता के साथ आम जनता तक पहुंचाने तथा टीम के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।   नए सदस्यों का भव्य स्वागत   इस अवसर पर संगठन से जुड़े नए सदस्यों का भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। उपस्थित पदाधिकारियों और सदस्यों ने नए साथियों का स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। वहीं Hamar Pradesh CG News के संपादक धनिराम देवांगन ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती के लिए सभी सदस्यों का आपसी सहयोग और समन्वय बेहद जरूरी है। उन्होंने सभी साथियों का उत्साहवर्धन करते हुए पत्रकारिता के क्षेत्र में पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की बात कही।   बैठक में आगामी दिनों में Hamar Pradesh CG News की कार्यप्रणाली, समाचार संकलन एवं कवरेज को और बेहतर बनाने तथा संगठन की गतिविधियों को विस्तार देने को लेकर भी चर्चा की गई। बैठक सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुई।   Hamarpradeshcg.com जनहित की खबर, निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ

Sep 06, 2026 Read

उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने वेस्ट जोन इंटर स्टेट बैडमिंटन प्रतियोगिता के विजेताओं को किया पुरस्कृत*

*उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने वेस्ट जोन इंटर स्टेट बैडमिंटन प्रतियोगिता के विजेताओं को किया पुरस्कृत*   बिलासपुर. 6 सितम्बर 2026. बिलासपुर के तोरवा के डायमंड स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए वेस्ट जोन इंटर स्टेट बैडमिंटन प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दमदार खेल कौशल का प्रदर्शन किया। तेज स्मैश, शानदार कोर्ट कवरेज और आखिरी अंक तक जीत के लिए संघर्ष ने मुकाबलों को रोमांच से भर दिया। उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि खिलाड़ियों का यह प्रदर्शन उनकी मेहनत, अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को दर्शाता है। उप मुख्यमंत्री श्री साव ने आज डिस्ट्रिक्ट बैडमिंटन एसोसिएशन की ओर से आयोजित प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ उसे और निखारने का बेहतर अवसर देती हैं। मैदान पर खिलाड़ियों का आत्मविश्वास और खेल कौशल देखकर स्पष्ट है कि छत्तीसगढ़ में बैडमिंटन की प्रतिभाएं लगातार आगे बढ़ रही हैं। श्री साव ने विजेता खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेल में जीत महत्वपूर्ण है, लेकिन उससे भी ज्यादा महत्वपूर्ण निरंतर अभ्यास, अनुशासन और बेहतर करने की ललक है। ऐसी प्रतियोगिताओं से खिलाड़ियों को बड़े मुकाबलों का अनुभव मिलता है और वे भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार होते हैं।   अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर बिलासपुर छत्तीसगढ़  हमर प्रदेश सी जी

Sep 06, 2026 Read

जो खेलेगा, वही खिलेगा': 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता संपन्न, 3800 अंकों के साथ बिलासपुर बना ओवरऑल चैंपियन

'जो खेलेगा, वही खिलेगा': 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता संपन्न, 3800 अंकों के साथ बिलासपुर बना ओवरऑल चैंपियन बिलासपुर। "छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल उन्हें पहचानने, तराशने और उचित मंच देने की है। खेल के मैदान में पसीना बहाने वाला खिलाड़ी ही नई ऊंचाइयों को छूता है—क्योंकि जो खेलेगा, वही खिलेगा।" यह बात उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के भव्य समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कही। बिलासपुर के संजय तरण पुष्कर और छत्तीसगढ़ स्कूल खेल मैदान में आयोजित इस चार दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश के पांचों संभागों से 845 खिलाड़ियों और 150 से अधिक ऑफिशियल्स ने हिस्सा लिया। बेसबॉल, तैराकी और वाटर पोलो की विभिन्न स्पर्धाओं में बिलासपुर संभाग ने अपना दबदबा कायम रखते हुए 3800 अंकों के साथ ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। खेलों के विकास के लिए बजट में ₹100 करोड़ का प्रावधान: डिप्टी सीएम खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार खेलों और खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है:  * वित्तीय प्रोत्साहन: राष्ट्रीय खेल दिवस (29 अगस्त) पर खिलाड़ियों को प्रोत्साहन स्वरूप 1 करोड़ 74 लाख रुपये की राशि वितरित की गई।  * अधोसंरचना व स्पोर्ट्स साइंस: 'मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष योजना' के तहत इस वर्ष के बजट में ₹100 करोड़ का विशेष प्रावधान किया गया है, जिससे आधारभूत संरचना के साथ स्पोर्ट्स साइंस को बढ़ावा मिलेगा।  * आगामी आयोजन: अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में 'छत्तीसगढ़ हॉकी लीग' का आयोजन किया जाएगा। साथ ही राज्य को 'खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स' की मेजबानी का अवसर भी मिला है। शिक्षा के साथ खेल भी सर्वांगीण विकास की नींव: विधायकगण समारोह को संबोधित करते हुए बिलासपुर विधायक श्री अमर अग्रवाल ने कहा कि जीवन में बौद्धिक विकास के साथ शारीरिक और मानसिक मजबूती के लिए खेल अनिवार्य हैं। केंद्र और राज्य सरकार की खेल नीतियों के चलते आज छत्तीसगढ़ और देश के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर तिरंगा लहरा रहे हैं। बिल्हा विधायक श्री धरमलाल कौशिक ने कहा कि खेल मैदान की स्वस्थ प्रतिस्पर्धा युवाओं के भविष्य को उज्ज्वल बनाती है। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासित रहकर प्रदेश और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया। गरिमामय उपस्थिति और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों व टीमों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। देवकीनंदन कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इस अवसर पर मस्तुरी विधायक श्री दिलीप लहरिया, पाठ्य पुस्तक निगम अध्यक्ष श्री राजा पाण्डेय, अपर कलेक्टर श्री शिव कुमार बनर्जी, संयुक्त संचालक (शिक्षा) श्री अश्वनी कुमार भारद्वाज, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती वर्षा शर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, खेल प्रशिक्षक और खेलप्रेमी उपस्थित रहे।     अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर बिलासपुर छत्तीसगढ़  हमर प्रदेश सी जी

Sep 06, 2026 Read

शिक्षक दिवस पर स्कूलों में गूंजा 'जन-जन साक्षर' का नारा, ULLAS अभियान के तहत निकली भव्य रैली

GPM: शिक्षक दिवस पर स्कूलों में गूंजा 'जन-जन साक्षर' का नारा, ULLAS अभियान के तहत निकली भव्य रैली गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। जिले के सभी शासकीय एवं निजी स्कूलों में 5 सितंबर को शिक्षक दिवस पूरी गरिमा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस मौके पर विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों को पुष्पगुच्छ भेंट कर चरण स्पर्श किए और आशीर्वाद लिया। इसके साथ ही केंद्र सरकार के ULLAS - नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत स्कूलों से भव्य साक्षरता रैली निकाली गई। हाथों में तख्तियां लिए छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने गाँव-गाँव और मोहल्लों में भ्रमण कर "जन-जन साक्षर, नव भारत साक्षर" का नारा बुलंद किया। रैली के जरिए ग्रामीणों को परिवार के असाक्षर सदस्यों को साक्षरता केंद्र से जोड़ने और उन्हें बुनियादी शिक्षा दिलाने के लिए प्रेरित किया गया। DEO ने कहा- दोहरा संदेश देने की पहल जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) रजनीश तिवारी ने बताया कि जिले में 1 से 15 सितंबर तक 'साक्षरता पखवाड़ा' चलाया जा रहा है। पखवाड़े के 5वें दिन शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में रैली आयोजित कर समाज को दोहरा संदेश दिया गया—एक ओर गुरु के प्रति आदर और दूसरी ओर समाज में शिक्षा के प्रसार की अलख। समय-सारणी के तहत चल रही हैं गतिविधियां ULLAS कार्यक्रम के नोडल अधिकारी मुकेश कोरी और आलोक शुक्ला ने बताया कि अभियान के तहत स्वयंसेवकों (VTS) और शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी से पखवाड़ा मनाया जा रहा है। शासन से जारी कैलेंडर अनुसार स्कूलों में प्रतिदिन अलग-अलग जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।     अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर छत्तीसगढ़    हमर प्रदेश सी जी

Sep 06, 2026 Read

सर्व विप्र महिला समाज का तीज मिलन समारोह

सर्व विप्र महिला समाज का तीज मिलन समारोह   सर्व विप्र महिला समाज द्वारा रविवार, 6 सितंबर को तीज मिलन समारोह का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का आयोजन होटल टोपाज़ में होगा। समारोह में समाज की महिलाओं द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। समारोह में समाज की महिलाओं की सहभागिता रहेगी। कार्यक्रम में अध्यक्ष ऋचा पाठक सहित श्रुति पांडेय, गायत्री शुक्ला, नेहा मिश्रा, वर्षा तिवारी, वंदना मिश्रा, अंशुल पांडेय, संध्या पांडेय, नीलिमा शर्मा, श्वेता शुक्ला, गायत्री तिवारी, प्रेमलता तिवारी, सविता पांडेय, अदिति मिश्रा, अल्का पांडेय, पिंकी पांडेय, वर्षा दुबे एवं विजयलक्ष्मी शर्मा सहित समाज की अन्य सदस्य उपस्थित रहेंगी। समारोह का उद्देश्य समाज की महिलाओं को एक-दूसरे से जुड़ने, पारंपरिक त्योहारों को उत्साहपूर्वक मनाने तथा सामाजिक एकजुटता को मजबूत करने का अवसर प्रदान करना है।   अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर बिलासपुर छत्तीसगढ़  हमर प्रदेश सी जी

Sep 06, 2026 Read

शिक्षक दिवस पर कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने 50 सेवानिवृत्त शिक्षकों का किया सम्मान*

*शिक्षक दिवस पर कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने 50 सेवानिवृत्त शिक्षकों का किया सम्मान*   *शाल एवं श्रीफल भेंट कर दीर्घकालीन शैक्षणिक सेवाओं के प्रति व्यक्त की कृतज्ञता*   *गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही।* 5 सितंबर 2026/ शिक्षक दिवस के अवसर पर स्कूल शिक्षा विभाग एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में शिक्षक सम्मान समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्था (डाइट) पेंड्रा में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने जिले के 50 सेवानिवृत्त शिक्षकों को शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। शिक्षकों को उनके दीर्घकालीन, समर्पित एवं उल्लेखनीय शैक्षणिक सेवाओं के लिए सम्मानित करते हुए उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं भारत के महान शिक्षाविद् तथा पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर गुरु-शिष्य परंपरा तथा शिक्षा के माध्यम से समाज और राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका को स्मरण किया गया।        मुख्य अतिथि ने सम्मानित शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा, “मैं आज जहां भी हूं, अपने शिक्षकों और गुरुजनों के कारण हूं।” उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पूरा करने वाले नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण, संस्कार और जीवन मूल्यों को दिशा देने वाले समाज एवं राष्ट्र के भविष्य निर्माता हैं। कलेक्टर ने कहा कि सेवानिवृत्त शिक्षकों ने अपने सेवाकाल में अनेक पीढ़ियों को ज्ञान, अनुशासन एवं संस्कार प्रदान किए हैं। सेवानिवृत्ति के बाद भी उनका अनुभव और जीवन-मूल्य समाज तथा नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बने रहेंगे। उन्होंने सभी सम्मानित शिक्षकों के स्वस्थ, सुखद एवं सक्रिय जीवन की कामना की।         जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी ने स्वागत संबोधन में समारोह में उपस्थित सेवानिवृत्त शिक्षकों का अभिनंदन किया। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में शिक्षकों द्वारा दिए गए अमूल्य योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि उनका सेवाकाल जिले की शैक्षणिक प्रगति और विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण रहा है।  समारोह के अंत में डाइट की प्राचार्य श्रीमती अल्का शुक्ला ने आभार प्रदर्शन किया। उन्होंने मुख्य अतिथि, जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग, सम्मानित सेवानिवृत्त शिक्षकों तथा कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों-कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।       आज के कार्यक्रम में मुख्य रूप से बीईओ गौरेला उपेंद्र सिंह चौहान, बीईओ पेंड्रा आरएन.चंद्रा, बीईओ मरवाही संजय वर्मा, उल्लास के नोडल अधिकारी द्वय मुकेश कोरी, आलोक शुक्ला, बालमुकुंद अग्रवाल सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर बिलासपुर छत्तीसगढ़    हमर प्रदेश सी जी

Sep 05, 2026 Read

45 वर्षों से कायम है परंपरा....करोना चौक पर मलखंभ प्रतियोगिता का आयोजन.....

45 वर्षों से कायम है परंपरा....करोना चौक पर मलखंभ प्रतियोगिता का आयोजन.....     बिलासपुर– शहर के करोना चौक पर पिछले 45 वर्षों से चली आ रही मलखंभ प्रतियोगिता की परंपरा इस वर्ष भी जारी रही। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म उत्सव के अवसर पर हर वर्ष भादो मास की अष्टमी को आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता का विधि-विधान से शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत नगर विधायक अमर अग्रवाल द्वारा पूजा-अर्चना कर की गई।पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा संपन्न होने के बाद मलखंभ प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ हुआ।आयोजन के दौरान क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा और बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में शामिल हुए। मलखंभ भारतीय पारंपरिक खेल एवं व्यायाम की प्राचीन विधा है, जिसमें खिलाड़ी लकड़ी के खंभे पर विभिन्न प्रकार के शारीरिक कौशल और करतब का प्रदर्शन करते हैं। करोना चौक पर आयोजित होने वाली यह प्रतियोगिता पिछले चार दशकों से भी अधिक समय से स्थानीय लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। 45 वर्षों से लगातार आयोजन होने के कारण यह कार्यक्रम शहर की पुरानी खेल एवं सांस्कृतिक परंपराओं से भी जुड़ गया है। आयोजन में भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक सिंह,भाजपा नेत्री किरण सिंह, सराफा संघ के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी, सीएमडी कालेज के चेयरमैन संजय दुबे, प्रेस क्लब अध्यक्ष अजीत मिश्रा, आयोजन समिति के बसंत शर्मा, हबीब मेमन, अरविंद गुलहरे, अनिक केसरवानी,लक्की यादव,रोनित और जानू सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और आयोजन की पुरानी परंपरा को आगे बढ़ाने में सहभागिता निभाई। देर रात को फूटी मटकी......   शाम से शुरू हुए इस आयोजन का समापन देर रात मटकी फूटने के साथ हुआ।हर साल की तरह इस वर्ष भी भगवान श्री कृष्ण का रात बारह बजे के बाद जन्म होने के समय के बाद ही मटकी फोड़ी है।मटकी फोड़ने वाले आए प्रतिभागियों ने शाम से ही इस ग्रीस लगे खंभे में अपनी जोर आजमाइश करते रहे।जैसे ही भगवान की जन्म का समय हुआ उसके बाद आयोजन समिति के द्वारा तीन तीन लोगों का ग्रुप बनाकर प्रतिभागियों को मौका दिया।जहां पहले ही ग्रुप ने खंभे में चढ़कर रात लगभग साढ़े बारह बजे के आस पास मटकी को फोड़ने में सफल हो गए। अतिथि द्वारा पुरस्कार वितरण.....   समापन अवसर पर अतिथि के रूप में नेत्र रोग विशेषज्ञ एवं विश्व हिंदू परिषद के प्रदेश अध्यक्ष ललित मखीजा और समाज सेवी जवाहर सराफ शामिल हुएं।जहां उन्होंने मटकी फोड़ने वाले तीनों प्रतिभागी यश यादव आर्यन यादव रितेश नामदेव को नगद पंद्रह हजार रुपए एक शील्ड के साथ साथ सदर बाजार व्यापारियों के द्वारा दिए गए गिफ्ट हैम्पर का इनाम के रूप में अपने हाथों से भेंट किए।अतिथियों के द्वारा जितने वाले तीनों प्रतिभागियों माला पहनाकर स्वागत किया गया। आयोजकों और स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह के पारंपरिक आयोजनों से नई पीढ़ी को भारतीय खेल एवं संस्कृति से जोड़ने का अवसर मिलता है। 45 वर्षों से लगातार आयोजित हो रही मलखंभ प्रतियोगिता आज भी लोगों के बीच अपनी खास पहचान बनाए हुए है।   अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर बिलासपुर छत्तीसगढ़    हमर प्रदेश सी जी

Sep 05, 2026 Read

ब्रजधाम बना बिलासपुर: आस्था, भक्ति और उत्सव का ऐसा संगम कि रात तक सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब

ब्रजधाम बना बिलासपुर: आस्था, भक्ति और उत्सव का ऐसा संगम कि रात तक सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब   40 फीट ऊंची दही हांडी फूटी, 1008 कलशों से हुआ महाभिषेक; 211 किलो गुलाब से सजे खाटू श्याम, मंदिरों में आधी रात तक चला जन्माष्टमी उत्सव बिलासपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर पूरा बिलासपुर मानो ब्रजधाम में तब्दील हो गया। शहर के मंदिरों से लेकर प्रमुख बाजारों और सड़कों तक देर रात तक श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर मंदिरों में विशेष सजावट, झांकियां, भजन-कीर्तन और धार्मिक आयोजनों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। इस बार जन्माष्टमी का सबसे बड़ा आकर्षण 40 फीट ऊंची दही हांडी रही। गोड़पारा क्षेत्र में करीब 500 युवाओं ने लगभग तीन घंटे की मशक्कत के बाद 49वीं बार फोड़ी मटकी, जिसे देखने बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। युवाओं के उत्साह और जय श्रीकृष्ण के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। 1008 कलशों से महाभिषेक, 211 किलो गुलाब से श्रृंगार खाटू श्याम मंदिर में जन्माष्टमी पर विशेष धार्मिक अनुष्ठान किया गया। भगवान का 1008 कलशों से महाभिषेक कराया गया। इसके बाद करीब 211 किलो गुलाब के फूलों से खाटू श्याम का भव्य श्रृंगार किया गया। देर रात तक श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते रहे।   दूध की धार से हुआ अभिषेक, मंदिरों में विशेष आयोजन शहर के विभिन्न मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर विशेष पूजा-अर्चना और अभिषेक हुआ। एक मंदिर में 51 लीटर दूध से अभिषेक किया गया। मंदिर परिसर में आकर्षक झांकियां सजाई गईं, वहीं श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लिया।   आधी रात तक सड़कों पर उमड़ा सैलाब   जन्माष्टमी के अवसर पर शहर के प्रमुख मार्गों और बाजारों में देर रात तक भारी भीड़ रही। बच्चे, महिलाएं, युवा और बुजुर्ग बड़ी संख्या में मंदिरों और धार्मिक आयोजनों में शामिल हुए। कई स्थानों पर भगवान कृष्ण की बाल लीलाओं और जन्म प्रसंग पर आधारित झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं।   नन्हे कान्हाओं ने भी मोहा मन   जन्माष्टमी पर शहर में बच्चों के बीच भी खासा उत्साह देखने को मिला। घरों और मंदिरों में नन्हे बच्चों को बाल कृष्ण और राधा के रूप में सजाया गया। सोशल मीडिया पर भी इन नन्हे कान्हाओं की तस्वीरें लोगों का खूब ध्यान खींचती रहीं। कुल मिलाकर इस बार की जन्माष्टमी ने बिलासपुर को भक्ति, उल्लास और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कर दिया। मंदिरों की रोशनी, कृष्ण भक्ति के जयकारे, दही हांडी का रोमांच और श्रद्धालुओं की भीड़ ने शहर को सचमुच “ब्रजधाम” का स्वरूप दे दिया।   अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर बिलासपुर छत्तीसगढ़    हमर प्रदेश सी जी

Sep 05, 2026 Read

राज्य स्तरीय तैराकी स्पर्धा: बिलासपुर के तैराकों का दबदबा, रायपुर, दुर्ग, बस्तर और सरगुजा के खिलाड़ियों ने भी लहराया परचम

राज्य स्तरीय तैराकी स्पर्धा: बिलासपुर के तैराकों का दबदबा, रायपुर, दुर्ग, बस्तर और सरगुजा के खिलाड़ियों ने भी लहराया परचम संक्षिप्त विवरण: विभिन्न संभागों के प्रतिभावान खिलाड़ियों के बीच आयोजित राज्य स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता में 14, 17 और 19 वर्ष आयु वर्ग (बालक व बालिका श्रेणी) के प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन किया। फ्री स्टाइल, बैक स्ट्रोक, ब्रेस्ट स्ट्रोक और बटर फ्लाई स्पर्धाओं में बिलासपुर संभाग के खिलाड़ियों ने सर्वाधिक पदकों पर कब्जा जमाया, वहीं रायपुर, दुर्ग, बस्तर और सरगुजा संभाग के तैराकों ने भी कड़े मुकाबले पेश कर कई शीर्ष स्थान अपने नाम किए। 400 मीटर फ्री स्टाइल | वर्ग | श्रेणी | प्रथम (स्वर्ण) | द्वितीय (रजत) | तृतीय (कांस्य) | |---|---|---|---|---| | 14 वर्ष | बालक | विभोर सिंह (रायपुर - 06:39:09) | जसराज सिंह (बिलासपुर) | अक्षय भंसाली (दुर्ग) | | | बालिका | कु. पीयुषा चन्द्रा (बिलासपुर - 07:02:41) | कु. सपना कोरसा (बस्तर) | — | | 17 वर्ष | बालक | विकास त्रिपाठी (रायपुर - 06:14:28) | रोहित कुमार लोनिया (बिलासपुर) | अनमोल सोनी (बिलासपुर) | | | बालिका | कु. काव्या रिगरी (बिलासपुर - 07:26:35) | कु. गुन्जा साहू (दुर्ग) | कु. रानी सोठवे (बिलासपुर) | | 19 वर्ष | बालक | सुयश यादव (बिलासपुर - 05:33:28) | प्रशांत यादव (दुर्ग) | अनुराग खरे (बिलासपुर) | | | बालिका | कु. अक्षिता तोडेम (बस्तर - 08:45:47) | कु. दिव्या पहाड़ी (बिलासपुर) | कु. देविका लोनिया (बिलासपुर) | 200 मीटर बैक स्ट्रोक | वर्ग | श्रेणी | प्रथम (स्वर्ण) | द्वितीय (रजत) | तृतीय (कांस्य) | |---|---|---|---|---| | 14 वर्ष | बालक | अक्षांश साहू (बिलासपुर - 03:29:60) | विभोर सिंह (रायपुर) | असमन सिंह (बिलासपुर) | | | बालिका | कु. सीता लोनिया (बिलासपुर - 05:03:87) | — | — | | 17 वर्ष | बालक | सिरो सिन्धु नायक (सरगुजा - 03:38:81) | सतीश निर्मलकर (बिलासपुर) | मनी कुमार (सरगुजा) | | | बालिका | कु. खुशी लोनिया (बिलासपुर - 04:00:79) | कु. सरस्वती पटेल (बिलासपुर) | कु. दीक्षा भारती (दुर्ग) | | 19 वर्ष | बालक | मो. फैजान (बिलासपुर - 03:35:84) | कुणाल यादव (बिलासपुर) | नीरज कुमार साहू (दुर्ग) | | | बालिका | कु. मानसी डहरिया (दुर्ग - 04:13:59) | कु. मौसमी ध्रुव (रायपुर) | — | 100 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक | वर्ग | श्रेणी | प्रथम (स्वर्ण) | द्वितीय (रजत) | तृतीय (कांस्य) | |---|---|---|---|---| | 14 वर्ष | बालक | अक्षांश साहू (बिलासपुर - 01:50:25) | मुकेश्वर माण्डले (रायपुर) | सजीव रावत (दुर्ग) | | | बालिका | कु. तनुश्री कोसरे (दुर्ग - 01:41:85) | कु. लखनी लोनिया (बिलासपुर) | कु. नायरा जायसवाल (बिलासपुर) | | 17 वर्ष | बालक | साहिल कुमार यादव (बिलासपुर - 01:35:41) | सुजल एक्का (सरगुजा) | देवेन्द्र कुमार पटेल (दुर्ग) | | | बालिका | कु. तृप्ति कोसरे (दुर्ग - 01:53:47) | कु. मानसी श्रीवास (बिलासपुर) | कु. विनिता धीवर (दुर्ग) | | 19 वर्ष | बालक | स्वास्तिक कुमार यादव (बिलासपुर - 01:32:44) | पूनम निषाद (दुर्ग) | सुमित कुमार साहू (रायपुर) | | | बालिका | कु. दिव्या वर्मा (बिलासपुर - 01:59:46) | कु. प्रिया गोरखे (बिलासपुर) | कु. मौसमी बंजारे (दुर्ग) | 100 मीटर बटर फ्लाई | वर्ग | श्रेणी | प्रथम (स्वर्ण) | द्वितीय (रजत) | तृतीय (कांस्य) | |---|---|---|---|---| | 14 वर्ष | बालक | अवनीश यादव (बिलासपुर - 01:24:88) | — | — | | | बालिका | कु. लखनी लोनिया (बिलासपुर - 03:50:16) | — | — | | 17 वर्ष | बालक | विवेक यादव (रायपुर - 02:04:66) | विनीत गंधर्व (बिलासपुर) | श्रीकांत यादव (बिलासपुर) | | | बालिका | कु. प्रिंसी बंजारे (दुर्ग - 03:06:57) | — | — | | 19 वर्ष | बालक | प्रिंस सिंह (बिलासपुर - 01:41:19) | जयकुमार जागड़े (दुर्ग) | कुणाल यादव (बिलासपुर) | | | बालिका | कु. अदिति सोठवे (बिलासपुर - 02:25:25) | — | — |       अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर बिलासपुर छत्तीसगढ़  हमर प्रदेश सी जी

Sep 05, 2026 Read

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी प्रेम और संस्कृति से जुड़े रहने का पर्व : श्री अरुण साव*

*श्रीकृष्ण जन्माष्टमी प्रेम और संस्कृति से जुड़े रहने का पर्व : श्री अरुण साव*   *श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव में शामिल हुए उप मुख्यमंत्री*   रायपुर. 4 सितम्बर 2026. उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव आज मानस मंच लोरमी में सर्व यादव समाज एवं यदुवंशी सेना द्वारा आयोजित श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव में शामिल हुए। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। उन्होंने भव्य शोभायात्रा में शामिल होकर भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद प्राप्त किया।   उप मुख्यमंत्री श्री साव ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव को संबोधित करते हुए कहा कि यादव समाज सनातन संस्कृति और परंपराओं की मजबूत पहचान है। समाज राउत नाचा जैसी समृद्ध लोक परंपराओं को आज भी सहेजकर आगे बढ़ा रहा है। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हमें एकजुटता, प्रेम और उल्लास के साथ अपनी संस्कृति से जुड़े रहने का संदेश देता है।   जन्माष्टमी उत्सव पर मानस मंच से बाइक रैली निकाली गई। रैली शिवपाट होते हुए लोरमी शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरी। इसके बाद शीतला मंदिर, बाजारपारा से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो मेन रोड होते हुए मानस मंच पहुंची।   मानस मंच में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। छत्तीसगढ़ रत्न प्रसिद्ध लोकगायिका आरु साहू ने शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। इसके साथ ही 'महादेव तांडव' रोड शो और बाइक रैली निकली। बड़ी संख्या में समाज के लोग और श्रद्धालु कार्यक्रम में शामिल हुए।   श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर सर्व यादव समाज लोरमी द्वारा निःशुल्क रक्तदान शिविर भी आयोजित किया गया। शिविर में समाज के साथ इच्छुक लोगों ने भी स्वेच्छा से रक्तदान किया। लोरमी नगर पालिका के अध्यक्ष श्री सुजीत वर्मा, उपाध्यक्ष डॉ. अशोक जायसवाल, जनपद पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती वर्षा सिंह, श्री विक्रम सिंह, श्री गुरमीत सलूजा, श्री धनीराम यादव और श्री संजय यादव सहित यादव समाज तथा यदुवंशी सेना के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक भी बड़ी संख्या में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव में शामिल हुए।   अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर बिलासपुर छत्तीसगढ़    हमर प्रदेश सी जी

Sep 04, 2026 Read

केंद्रीय जेल में कृष्ण जन्माष्टमी पर गूंजे भजन, बंदियों ने उत्साह से फोड़ी मटकी विधायक श्री अमर अग्रवाल ने बंदियों को दिया श्रीकृष्ण के आदर्शों पर चलने का संदेश

केंद्रीय जेल में कृष्ण जन्माष्टमी पर गूंजे भजन, बंदियों ने उत्साह से फोड़ी मटकी   विधायक श्री अमर अग्रवाल ने बंदियों को दिया श्रीकृष्ण के आदर्शों पर चलने का संदेश   बिलासपुर, 4 सितंबर 2026/ केंद्रीय जेल बिलासपुर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, उल्लास और सौहार्द के साथ मनाया गया। जेल परिसर में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की आकर्षक सजावट की गई। बाल स्वरूप श्रीकृष्ण, झूले और धार्मिक सजावट ने पूरे परिसर को भक्तिमय बना दिया।       कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिलासपुर विधायक श्री अमर अग्रवाल उपस्थित रहे। भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन में बंदियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इसके साथ ही मटकी फोड़ कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बंदियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया।        श्री अमर अग्रवाल ने बंदियों को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। उन्होंने सत्य, धर्म, कर्म और सदाचार के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सकारात्मक सोच एवं अच्छे आचरण को जीवन में अपनाने की बात कही।         कार्यक्रम का उद्देश्य बंदियों में आध्यात्मिक एवं सकारात्मक भावनाओं का विकास करने तथा उन्हें भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से जोड़ना रहा। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी बंदियों के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की और उन्हें जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।   इस अवसर पर जेल अधीक्षक श्री खोमेश मंडावी, प्रभारी उप जेल अधीक्षक श्रीमती कोकिला वर्मा, सहायक जेल अधीक्षक श्री विजयानंद सिंह सहित जेल के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में बंदी उपस्थित रहे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।   अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर बिलासपुर छत्तीसगढ़  हमर प्रदेश सी जी

Sep 04, 2026 Read

रायगढ़ में इनकम टैक्स का बदला मिजाज: जब अफसरों ने होटल में बैठकर सुलझाईं व्यापारियों की उलझनें

रायगढ़ में इनकम टैक्स का बदला मिजाज: जब अफसरों ने होटल में बैठकर सुलझाईं व्यापारियों की उलझनें अक्सर टैक्स और नोटिस के नाम से दूरी बनाने वाले व्यापारी और आयकर अधिकारी बुधवार को रायगढ़ के होटल अंश में एक ही टेबल पर आमने-सामने नजर आए। मौका था कैट छत्तीसगढ़ और आयकर विभाग की संयुक्त पहल पर आयोजित ‘व्यापारी कर संवाद’ का, जो ‘एक प्रदेश, एक दिन, एक संवाद’ अभियान के तहत संपन्न हुआ। नोटिस का डर नहीं, सीधा समाधान पारंपरिक सरकारी कार्यप्रणाली से हटकर आयकर विभाग के अधिकारी खुद दफ्तर से बाहर निकलकर कारोबारियों के बीच पहुंचे। मंच से औपचारिकता निभाने के बजाय पूरा जोर व्यापारियों की रोजमर्रा की व्यावहारिक परेशानियों को खत्म करने पर रहा। सत्र के दौरान कारोबारियों ने बिना किसी झिझक के वे मुद्दे उठाए जो उन्हें अक्सर परेशान करते हैं:  * टीडीएस और टीसीएस कटौती के उलझे नियम  * रिटर्न फाइलिंग के दौरान आने वाली तकनीकी अड़चनें  * फेसलेस और डिजिटल सिस्टम से मिलने वाले ऑनलाइन नोटिस अधिकारियों ने तकनीकी पेचीदगियों को छोड़कर सरल भाषा में स्पष्ट किया कि नोटिस कोई सजा नहीं, बल्कि सिर्फ स्पष्टीकरण का जरिया है। इसके साथ ही नई कर व्यवस्था और धारा 87ए के तहत मिलने वाली छूट के फायदे भी समझाए गए। अधिकारियों का संदेश: भ्रांतियों से बचें, अधिकृत जानकारी लें आयकर अधिकारी अनिल बोकाड़े, देवनारायण नायक और एन स्मिता ने कारोबारियों को भरोसा दिलाया कि पारदर्शी व्यवस्था में डर की कोई जगह नहीं है। उन्होंने व्यापारियों से समय पर रिटर्न दाखिल करने और किसी भी अफवाह या असमंजस की स्थिति में केवल अधिकृत माध्यमों से ही जानकारी लेने की अपील की। कैट की पहल से बढ़ा भरोसा कैट (CAIT) के संरक्षक संतोष अग्रवाल, अध्यक्ष किशोर तलरेजा, रामनिवास मोड़ा, आनंद बेरीवाल और सीए एसोसिएशन के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में कारोबारियों ने माना कि इस तरह के सीधे संवाद से विभाग को लेकर बनी हिचक खत्म होती है। कार्यक्रम का संचालन कमलेश मोटवानी और मनीष उदासी ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सीए, खुदरा कारोबारी और प्रमुख व्यापारिक प्रतिनिधि मौजूद रहे, जिन्होंने इस पहल को विभाग और करदाताओं के बीच का नया सेतु बताया।     अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर छत्तीसगढ़  हमर प्रदेश सी जी

Sep 04, 2026 Read