✍️हेतराम साहू स्टेट- रिपोर्टर
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
23 सितंबर को चार विकासखंडों में लगेगा आयुष स्वास्थ्य मेला
स्वास्थ्य जांच से लेकर चिकित्सकीय परामर्श और योगाभ्यास तक की मिलेगी सुविधा
महासमुंद, 22 सितंबर 2026। राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस एवं सेवा संकल्प अभियान के तहत महासमुंद जिले में 23 सितंबर को चार विकासखंडों में आयुष स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया जाएगा। इन मेलों के माध्यम से आमजन को आयुष चिकित्सा पद्धतियों से जोड़ने के साथ स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया जाएगा।
संचालनालय आयुष, छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार एवं भारत सरकार के आयुष मंत्रालय की पहल पर आयोजित होने वाले इन स्वास्थ्य मेलों का आयोजन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक किया जाएगा। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत होने वाले इस आयोजन का उद्देश्य आयुष स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है।
चार स्थानों पर होगा स्वास्थ्य मेले का आयोजन
जिले के चार विकासखंडों में अलग-अलग स्थानों पर स्वास्थ्य मेले लगाए जाएंगे। विकासखंड महासमुंद में शासकीय आयुष पॉलीक्लीनिक, बागबाहरा में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पिथौरा विकासखंड में ग्राम लक्ष्मीपुर तथा बसना विकासखंड में ग्राम उमरिया में आयुष स्वास्थ्य मेला आयोजित किया जाएगा।
आयुर्वेद, होम्योपैथी, यूनानी और योग की मिलेगी जानकारी
स्वास्थ्य मेले में आयुर्वेद, होम्योपैथी, यूनानी एवं योग चिकित्सा पद्धतियों के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के बारे में जानकारी दी जाएगी। आमजन को रोगों की रोकथाम, संतुलित एवं पौष्टिक आहार, नियमित योग, दैनिक दिनचर्या तथा स्वास्थ्यवर्धक आदतों के महत्व से अवगत कराया जाएगा।
नेत्र, शुगर और बीपी की होगी जांच
मेले में नागरिकों के लिए विभिन्न स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श की सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। इसमें नेत्र परीक्षण, ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर सहित विभिन्न रोगों से संबंधित स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। जरूरत के अनुसार आयुष चिकित्सा पद्धतियों के विशेषज्ञों से परामर्श भी प्राप्त किया जा सकेगा।
जागरूकता व्याख्यान और योगाभ्यास भी
स्वास्थ्य मेले में स्वस्थ जीवनशैली एवं रोगों की रोकथाम को लेकर जागरूकता व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ औषधि प्रदर्शनी और योगाभ्यास जैसी गतिविधियां भी होंगी। लोगों को जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों से बचाव के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच कराने तथा समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील
प्रभारी जिला आयुष अधिकारी ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे 23 सितंबर को अपने नजदीकी आयुष स्वास्थ्य मेले में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचें और उपलब्ध स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श एवं आयुष चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठाएं।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!