✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार

भिलाई। मानवता और जनसेवा के क्षेत्र में अंगदान एवं देहदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सर्वधर्म सेवा संस्था द्वारा सोमवार को सेक्टर-9 स्थित जवाहरलाल नेहरू अनुसंधान केंद्र एवं चिकित्सालय में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अंगदान और देहदान का संकल्प लेने वाले 450 से अधिक महादानियों को सम्मानित किया गया।
समारोह में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. उदय कुमार धाबर्डे तथा बीएसपी ऑफिसर्स एसोसिएशन के पूर्व महासचिव परविंदर सिंह ग्रेवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने संकल्पकर्ताओं को फूल-माला, सम्मान-पत्र और डोनर कार्ड भेंट कर उनके मानवीय निर्णय के लिए सम्मानित किया। इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष प्रतीक भोई, महासचिव राकेश रत्नाकर सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
महादानियों के योगदान को किया गया सम्मानित
समारोह में जी.वी. शेषाद्री, जी. पद्मा, एम. मल्लिकार्जुन, वरालक्ष्मी, ऐ.वी. रमन्ना, मुरली कृष्ण, छवि लाल गुप्ता, गायत्री डोटे, मेहतरीन बाई सूर्यवंशी एवं सहस राम साहू (देहदान), हिमा देवांगन (अंगदान) और घनश्याम पांडे (नेत्रदान) सहित अन्य संकल्पकर्ताओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
मरणोपरांत राजकीय सम्मान देने की मांग
संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि अब तक लगभग 450 से अधिक लोगों को अंगदान एवं देहदान के लिए संकल्पित किया जा चुका है। संस्था का उद्देश्य समाज में व्याप्त भ्रांतियों को दूर करना और लोगों को इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित करना है।
संस्था लंबे समय से मांग कर रही है कि अंगदान एवं देहदान करने वाले महादानियों को मरणोपरांत राजकीय सम्मान प्रदान किया जाए। इस संबंध में हाल ही में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से भी निवेदन किया गया है।
1 से 27 नवंबर तक चलेगा जागरूकता अभियान
संस्था ने आगामी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि 1 नवंबर से 27 नवंबर तक अध्यक्ष प्रतीक भोई के नेतृत्व में विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। सोशल मीडिया सहित विभिन्न माध्यमों से अंगदान और देहदान का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
अभियान का समापन 27 नवंबर को भव्य कार्यक्रम के साथ होगा। संस्था का लक्ष्य अधिक से अधिक लोगों को अंगदान के महत्व से अवगत कराना और समाज में मानवता एवं सेवा की भावना को प्रोत्साहित करना है।
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!