✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
खैरागढ़। दनिया पुल पर शुक्रवार देर रात बड़ा हादसा टल गया। रायपुर और भिलाई से कान्हा-किसली घूमने जा रहे पांच दोस्तों की कार तेज बहाव में बहकर नदी के बीच फंस गई। कार में सवार पांचों लोग जान बचाने के लिए पेड़ का सहारा लेकर लटके रहे।
घटना की सूचना मिलते ही गंडई थाना प्रभारी शिवशंकर गेंदले पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। रात के अंधेरे, तेज बारिश और उफनते पानी के बीच थाना प्रभारी खुद पानी में उतरे और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। पुलिस टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद पांचों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
स्टॉपर से टकराने के बाद भी आगे बढ़ी कार
पुलिस के अनुसार, 25 सितंबर की रात करीब 2:30 बजे रायपुर की ओर से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक CG 04 PV 5636 दनिया पुल पर पहुंची। बाढ़ के खतरे को देखते हुए पुल पर पुलिस ने स्टॉपर लगाए थे।
बताया गया कि कार चालक ने स्टॉपर को टक्कर मार दी। मौके पर तैनात पुलिस जवानों ने कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक कार को आगे ले गया। तेज बहाव के बीच पहुंचते ही कार पानी में फंस गई और देखते ही देखते सड़क से बहकर नदी की मझधार में पहुंच गई।
कार में सवार पांचों लोगों ने किसी तरह पेड़ का सहारा लेकर अपनी जान बचाई।
तेज बहाव में उतरे थाना प्रभारी
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गंडई थाना प्रभारी शिवशंकर गेंदले ने अपनी टीम के साथ रेस्क्यू शुरू किया। तेज बारिश और पानी के तेज बहाव के बावजूद पुलिस टीम ने जोखिम उठाकर पांचों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
रेस्क्यू के बाद सभी को गंडई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। फिलहाल सभी सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
कान्हा-किसली घूमने जा रहे थे पांचों दोस्त
खैरागढ़ एसपी लक्ष्य शर्मा के अनुसार, गंडई थाना प्रभारी ने रात में पांच लोगों को डूबने से बचाया। उनकी कार दनिया पुल पर फंसने के बाद बह गई थी, जिसके बाद थाना प्रभारी ने पानी में उतरकर उनका रेस्क्यू किया।
कार में कमलेश साहू, कुबेर साहू, निहाल सक्सेना, महक कौर और प्रीति रात्रे सवार थे। सभी रायपुर और भिलाई के रहने वाले बताए गए हैं और कान्हा-किसली घूमने जा रहे थे।
पुलिस की तत्परता और साहस से पांचों लोगों की जान बच गई।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!