✍ किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर हमर प्रदेश
अंबिकापुर। सरगुजा जिले के लुण्ड्रा थाना क्षेत्र से नवजात बच्ची की मौत का बेहद दुखद मामला सामने आया है। आरोप है कि अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद घर लौटते समय एक महिला बाइक से उतरकर झाड़ियों की ओर चली गई और अपनी नवजात बच्ची को पत्थरों के नीचे दबा दिया। ग्रामीणों ने बच्ची को वहां से निकालकर तत्काल बचाने का प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, ग्राम राता डांडपारा निवासी रामबाई पति स्वर्गीय विजय को 11 अगस्त को प्रसव पीड़ा होने पर बरगीडीह स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था। यहां उन्होंने एक बच्ची को जन्म दिया। बताया गया कि बच्ची के पिता विजय की करीब पांच महीने पहले मृत्यु हो चुकी थी।
14 अगस्त को चिकित्सकों ने रामबाई को अस्पताल से छुट्टी दे दी थी। बारिश के कारण वह अस्पताल में ही रुकी रही। इसके बाद 15 अगस्त को उसके जीजा दादूराम ने भतीजे पंकज को मोटरसाइकिल लेकर बुलाया। रामबाई को नवजात बच्ची के साथ गांव राता ले जाने के दौरान रास्ते में यह घटना होने की जानकारी सामने आई है।
बताया जा रहा है कि रास्ते में महिला मोटरसाइकिल से उतरकर झाड़ियों की ओर चली गई। आरोप है कि उसने नवजात बच्ची को पत्थरों के नीचे दबा दिया। कुछ समय बाद ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने बच्ची को पत्थरों के बीच से बाहर निकाला। उस समय बच्ची जीवित थी।
ग्रामीणों ने बच्ची को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
घटना के पीछे आर्थिक तंगी, पारिवारिक परिस्थितियों और महिला की मानसिक स्थिति को लेकर अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं। हालांकि, इन कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए घटना की परिस्थितियों और महिला की भूमिका की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या था और नवजात को इस स्थिति तक पहुंचाने वाली परिस्थितियां कौन-सी थीं।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!