बिलासपुर: जिला अस्पताल जैसी संवेदनशील जगह भी अब वाहन चोरों की नजर से सुरक्षित नहीं है। एक बेटी जब अस्पताल के भीतर अपने बीमार पिता का डायलिसिस कराने में जुटी थी, ठीक उसी वक्त बाहर पार्किंग से उसकी स्कूटी गायब कर दी गई। हालांकि, तारबाहर पुलिस ने तेजी दिखाते हुए मामले को सुलझा लिया है और चोरी गई एक्टिवा को एक नाबालिग के कब्जे से बरामद कर लिया है।
इलाज के बीच हुई वारदात
घटना 29 अगस्त की है। सृकृति कुडुक अपने पिता के नियमित डायलिसिस के लिए जिला अस्पताल पहुंची थीं। उन्होंने अपनी एक्टिवा (क्रमांक CG 10 AE 4962) को अस्पताल परिसर की पार्किंग में खड़ा किया और अंदर चली गईं। इलाज पूरा होने के बाद जब वह बाहर लौटीं, तो पार्किंग स्थल से उनकी गाड़ी नदारद थी। काफी खोजबीन के बाद पीड़िता ने तारबाहर थाने पहुंचकर अज्ञात चोर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने नए कानून के तहत धारा 303(2) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मुखबिर के इनपुट पर कार्रवाई
अस्पताल परिसर में हुई चोरी को गंभीरता से लेते हुए तारबाहर पुलिस ने मुखबिरों का नेटवर्क सक्रिय किया। जल्द ही सूचना मिली कि चोरी की गई एक्टिवा के साथ एक नाबालिग को देखा गया है। पुलिस ने घेराबंदी कर 'विधि से संघर्षरत बालक' (नाबालिग) को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद उसके कब्जे से चोरी की गई स्कूटी सही-सलामत बरामद कर ली गई।
आरोपी के नाबालिग होने के कारण पुलिस ने वैधानिक नियमों का पालन करते हुए उसे किशोर न्याय बोर्ड (JJB) के समक्ष प्रस्तुत कर दिया है।
✍️अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर बिलासपुर छत्तीसगढ़ हमर प्रदेश सी जी
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!