✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
जांजगीर-चांपा, 06 अक्टूबर 2026। पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग ने मंगलवार को जिला जांजगीर-चांपा पुलिस लाइन एवं एसपी कार्यालय का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण की शुरुआत पुलिस परेड की सलामी और जवानों के टर्नआउट निरीक्षण से हुई। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों को आईजी ने नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
परेड के बाद पुलिस दरबार आयोजित किया गया, जिसमें आईजी ने पुलिस जवानों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को थानों में आने वाले पीड़ितों के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार करने तथा शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जुआ, सट्टा और अवैध शराब के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने को कहा।
वाहन, स्टोर और आर्म्स शाखा का निरीक्षण
आईजी ने रक्षित केंद्र की वाहन शाखा, स्टोर शाखा एवं आर्म्स शाखा का निरीक्षण किया। इसके बाद एसपी कार्यालय में सेवा पुस्तिका, अनुकंपा नियुक्ति, पेंशन, बजट तथा लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने लंबित मामलों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस जिम और यातायात भवन का शुभारंभ
पुलिस लाइन परिसर में नवनिर्मित पुलिस जिम तथा जीर्णोद्धार किए गए यातायात शाखा भवन का उद्घाटन भी आईजी रामगोपाल गर्ग ने किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य एवं कार्यक्षमता को बेहतर बनाए रखने के लिए नियमित शारीरिक गतिविधियों पर जोर दिया।
अग्निवीर अभ्यर्थियों से मिले आईजी
निरीक्षण के दौरान आईजी ने अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं से मुलाकात की। उन्होंने अभ्यर्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए मेहनत, अनुशासन और नियमित अभ्यास के साथ पौष्टिक खान-पान पर ध्यान देने की सलाह दी।
राहवीरों और पुलिस सहयोगियों का सम्मान
ड्रीम पॉइंट होटल में आयोजित कार्यक्रम में जिले के राहवीर, सड़क सुरक्षा मितान, पुलिस बूथ मितान और महिला कमांडो को सम्मानित किया गया। आईजी ने राहवीर योजना की जानकारी देते हुए बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने वाले नागरिक को 25 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि दी जाती है तथा मदद करने वाले व्यक्ति को कानूनी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता।
कार्यक्रम के दौरान आईजी ने साइबर अपराधों को लेकर लोगों को जागरूक करते हुए डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन ठगी, अनजान लिंक और ओटीपी साझा करने से बचने की अपील की।
थाना चांपा का भी किया निरीक्षण

वार्षिक निरीक्षण के बाद आईजी ने थाना चांपा का निरीक्षण किया। उन्होंने थाना प्रभारी को सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने, पुराने लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण करने तथा असामाजिक तत्वों पर लगातार निगरानी रखने के सख्त निर्देश दिए।
इस दौरान एसपी विजय कुमार पांडेय, एडिशनल एसपी डॉ. यूलैंडन यार्क, ट्रैफिक एडिशनल एसपी उदयन बेहार सहित जिले के पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!