✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
पुलिस जन चौपाल और चलित थाना के जरिए साइबर अपराध, नशामुक्ति और यातायात नियमों को लेकर ग्रामीणों को किया जागरूक
कबीरधाम। कबीरधाम पुलिस द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से गांव-गांव पुलिस जन चौपाल एवं चलित थाना आयोजित किए जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुन रही है।
इसी क्रम में थाना पंडरिया एवं थाना सहसपुर लोहारा पुलिस द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर आमजन से संवाद किया गया।
ग्राम रोहा में आयोजित हुई पुलिस जन चौपाल
थाना पंडरिया पुलिस ने ग्राम रोहा में पुलिस जन चौपाल का आयोजन किया। इसमें पुलिस अनुविभागीय अधिकारी पंडरिया भूपत सिंह और थाना प्रभारी पंडरिया निरीक्षक अजय सिन्हा उपस्थित रहे।
पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में आमजन की भूमिका के बारे में जानकारी दी। साथ ही ग्रामीणों से क्षेत्र की समस्याओं और आवश्यकताओं को लेकर सीधे संवाद किया गया।
ग्रामीणों द्वारा प्रशासन से संबंधित कुछ समस्याएं भी अधिकारियों के समक्ष रखी गईं। पुलिस की ओर से संबंधित विभाग एवं सक्षम अधिकारियों तक जानकारी पहुंचाने और आवश्यक समन्वय का आश्वासन दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या समस्या की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।
भगतपुर में लगा चलित थाना
थाना सहसपुर लोहारा पुलिस टीम ने ग्राम भगतपुर में चलित थाना लगाया। इस दौरान भगतपुर एवं बासीनझोरी के ग्रामीण उपस्थित रहे।
पुलिस टीम ने ग्रामीणों से क्षेत्र की समस्याओं के संबंध में जानकारी ली और गांव को सुरक्षित एवं व्यवस्थित रखने के लिए आपसी सहयोग, जागरूकता और सामूहिक सहभागिता पर चर्चा की।
साइबर ठगी से बचने की दी जानकारी
चलित थाना के दौरान ग्रामीणों को साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताए गए। पुलिस ने अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, संदिग्ध फोन कॉल से सावधान रहने और ऑनलाइन ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करने की जानकारी दी।
नशामुक्ति और अवैध शराब को लेकर जागरूकता
पुलिस टीम ने ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभाव और नशीले पदार्थों से होने वाले सामाजिक नुकसान के बारे में जागरूक किया। अवैध शराब बिक्री या अन्य संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचना देने की अपील की गई।
यातायात नियमों का पालन करने की अपील
ग्रामीणों को यातायात नियमों के प्रति भी जागरूक किया गया। पुलिस ने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने की समझाइश दी।
कबीरधाम पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के तहत जन चौपाल और चलित थाना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनी जा रही हैं। साथ ही सुरक्षा, साइबर अपराध, नशामुक्ति और यातायात नियमों को लेकर जागरूकता अभियान चलाकर पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं समन्वय मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!