✍️ *हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज | जिला रिपोर्टर - जागेश्वर पटेल, गरियाबंद*
*कलेक्टर ने एकलव्य विद्यालय कोसमबुड़ा का किया निरीक्षण, 100% रिजल्ट पर बच्चों की पीठ थपथपाई, 5 बच्चों को राष्ट्रपति करेंगी सम्मानित*
गरियाबंद, 29 अक्टूबर 2026 कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा ने आज छुरा विकासखंड के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय कोसमबुड़ा का निरीक्षण कर जिला स्तरीय संचालन समिति की बैठक ली।
बच्चो को सिविल सर्विस, मेडिकल, फैशन डिजाइन में जाने के लिए किया प्रेरित
कलेक्टर ने विभिन्न कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से बातचीत की और सामान्य ज्ञान से संबंधित सवाल पूछे। विद्यार्थियों द्वारा सही जवाब देने पर कलेक्टर ने तालियां बजवाकर उन्हें प्रोत्साहित किया। कुछ बच्चों ने बताया कि वे आगे सिविल सर्विस, मेडिकल, इंजीनियरिंग और फैशन डिजाइन में जाना चाहते हैं। कलेक्टर ने उन्हें नीट, जेईई, आईआईटी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के बारे में बताते हुए अभी से लक्ष्य तय कर मेहनत करने को कहा। उन्होंने शिक्षकों को भी बच्चों को इन परीक्षाओं की तैयारी कराने के निर्देश दिए।
सत्र 2025-26 में 10वीं का रिजल्ट 100%, 12वीं का 98%
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. कमलाकांत यादव ने बताया कि विद्यार्थी लगन और मेहनत से पढ़ाई कर रहे हैं। सत्र 2025-26 में कक्षा 10वीं का परीक्षा परिणाम 100 प्रतिशत और 12वीं का 98 प्रतिशत रहा है।
12 नवंबर को राष्ट्रपति भवन में होगा सम्मान
प्राचार्य ने बताया कि जनजातीय गौरव दिवस पर 12 नवंबर को राष्ट्रपति भवन में विद्यालय के पांच विद्यार्थियों को राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा दो पीवीटीजी विद्यार्थियों का एमबीबीएस के लिए चयन हुआ है। कक्षा 12वीं के 11 बच्चों को भारतीय विज्ञान संस्थान बैंगलोर, आईआईटी दिल्ली जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों का शैक्षणिक भ्रमण भी कराया गया है।
बैठक में दिए विकास कार्यों के निर्देश
कलेक्टर ने विद्यालय में बैठक लेकर शैक्षणिक व्यवस्था और विकास कार्यों की समीक्षा की। बैठक में नामांकन, रिक्त सीटों, शिक्षकीय पदों, भोजन व्यवस्था और हाउस प्रणाली पर चर्चा हुई। विद्यालय प्रबंधन की मांग पर कलेक्टर ने ग्राउंड समतलीकरण, गार्ड रूम के पास शौचालय निर्माण, ओपन ऑडिटोरियम, नलकूप खनन, स्टडी रूम निर्माण और ट्रांसफार्मर के पास सुरक्षा जाली लगाने के लिए ईपीडब्ल्यूडी अधिकारी को निर्देशित किया।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!