✍️हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज जिला रिपोर्टर जागेश्वर पटेल गरियाबंद
नागरिकों ने एग्रीस्टेक, पीएम आवास की राशि, राशन कार्ड सहित छात्रावास निर्माण के संबंध में कलेक्टर को सौंपे आवेदन
*गरियाबंद, 27 अक्टूबर 2026/* कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा ने आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन में जिले के शहरी, ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की मांग, समस्याएं एवं शिकायतें सुनीं। जनदर्शन में उन्होंने प्रत्येक आवेदन का गंभीरतापूर्वक अवलोकन करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को नियमानुसार एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आज के जनदर्शन में कुल 51 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से कुछ प्रकरणों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्धारित समय-सीमा के भीतर करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में ग्राम फुलझर निवासी श्री अंतुराम भुंजिया ने एग्रीस्टेक पोर्टल में पंजीयन कराने के लिए आवेदन सौंपा। इस पर कलेक्टर श्री शर्मा ने संबंधित अधिकारी को उनके आवेदन का शीघ्र निराकरण करने को कहा। इसी प्रकार ग्राम नहरगांव के तोमेश पटेल ने राजस्व संबंधी, ग्राम खैरझिटी के लच्छुराम ने पीएम आवास की द्वितीय किस्त राशि दिलाने, ग्राम बेहराडीह के राजकुमार ध्रुव ने बिजली बिल के संबंध में, गरियाबंद के रेमत राम ने पीएम आवास दिलाने के लिए, ग्राम बिन्द्रानवागढ़ के मोहन यादव ने राशन कार्ड में नॉमिनी जोड़ने, ग्राम मौहाभाठा के समस्त ग्रामवासियों ने प्री-मैट्रिक छात्रावास खोलने के संबंध में, ग्राम गोंदलबाहरा के लोकेश्वर पटेल ने पट्टा प्रदान करने के संबंध में आवेदन सौंपा।
इस पर कलेक्टर श्री शर्मा ने अधिकारियों को बुलाकर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रखर चंद्राकर, अपर कलेक्टर श्री पंकज डाहिरे सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!