रायपुर। टिकरापारा थाना क्षेत्र के छत्तीसगढ़ नगर में शुक्रवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। करंट की चपेट में आने से मां और बेटे की मौत हो गई। हादसे में 54 वर्षीय कल्याणी यादव और उनके 23 वर्षीय बेटे मधुसूदन यादव ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि हादसा उस समय हुआ जब कल्याणी यादव बालकनी में सूख रहे कपड़े लेने गई थीं। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गईं। मां को करंट से चिपका देखकर उनका बेटा मधुसूदन उन्हें बचाने के लिए पहुंचा, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कूलर से करंट जीआई पाइप में फैल गया था, जिसके संपर्क में आने से यह हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों ने पुलिस को जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, कल्याणी यादव मूल रूप से धरसींवा क्षेत्र के कूंरा गांव की रहने वाली थीं। उनका परिवार गांव में कृषि कार्य करता है। उनकी बेटी रायपुर के छत्तीसगढ़ नगर में किराए के मकान में रहकर नर्सिंग की पढ़ाई कर रही है। कल्याणी यादव अपने बेटे मधुसूदन के साथ बेटी से मिलने रायपुर आई थीं।
बेटी से मिलने आए मां-बेटे के साथ हुए इस दर्दनाक हादसे से परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
स्टेट हेड रिपोर्टर – किशोर कुमार
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!