✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
रायगढ़। पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम जकेला में डिग्री कॉलेज के 47 वर्षीय प्रोफेसर कपूरचंद गुप्ता के अपहरण और जबरन UPI के जरिए करीब एक लाख रुपये ट्रांसफर कराने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने इवनिंग वॉक पर निकले प्रोफेसर को रास्ते में पकड़कर आंखों पर पट्टी बांधी और चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद मोटरसाइकिल से उन्हें भूपदेवपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंडरीपानी ले जाकर एक कमरे में बंधक बना लिया।
जानकारी के अनुसार, घटना शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच की है। प्रोफेसर कपूरचंद गुप्ता ग्राम जकेला के डीपापारा एवं शोभा राइस मिल के पास इवनिंग वॉक कर रहे थे। थकान लगने पर वे सड़क किनारे डबरी के पास माइलस्टोन पत्थर पर बैठकर आराम कर रहे थे। इसी दौरान दो व्यक्ति उनके पास पहुंचे और उन्हें पकड़कर डबरी की ओर ले गए। आरोपियों ने उनकी आंखों पर पट्टी बांध दी और पेट, गर्दन व छाती पर चाकू लगाकर जान से मारने की धमकी दी।
आरोपी उन्हें मोटरसाइकिल से ग्राम पंडरीपानी ले गए। वहां मारपीट कर मोबाइल फोन का पासवर्ड तथा Google Pay और BHIM App से संबंधित जानकारी हासिल की गई। इसके बाद आरोपियों ने एक महिला से संपर्क कर उसका QR कोड मंगवाया और प्रोफेसर के खाते से लगातार रकम ट्रांसफर कराई। बताया गया है कि खाते की करीब एक लाख रुपये की निर्धारित सीमा समाप्त होने तक राशि ट्रांसफर की गई।
आरोपियों ने प्रोफेसर को धमकाकर उनके घर फोन भी करवाया और परिजनों को कुशल-मंगल होने की बात कहलवाई, ताकि घटना की जानकारी किसी को न हो सके। रकम ट्रांसफर कराने के बाद आरोपियों ने दोबारा उनकी आंखों पर पट्टी बांधकर उन्हें पंडरीपानी स्थित एक कमरे में बंधक बनाकर रखा।
इधर, प्रोफेसर के परिजनों को घटना को लेकर संदेह हुआ। उन्होंने अपने स्तर पर लोकेशन का पता लगाया और पंडरीपानी पहुंच गए। परिजनों के वहां पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुसौर थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और प्रोफेसर को सकुशल रेस्क्यू कर थाने लाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए रायगढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह ने पुसौर पुलिस को प्रोफेसर की सकुशल बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
पुलिस ने रातभर आरोपियों की पतासाजी की और घटना के 24 घंटे के भीतर ग्राम जकेला निवासी आरोपी सुनील सारथी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर प्रोफेसर के अपहरण और उनके UPI के माध्यम से रकम ट्रांसफर कराने की योजना में शामिल होना स्वीकार किया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित की रिपोर्ट पर थाना पुसौर में धारा 140(3), 309(6), 142 एवं 351(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। आरोपियों द्वारा जिस महिला के खाते में रकम ट्रांसफर कराई गई थी, उससे संपर्क कर पुलिस ने ट्रांसफर की गई पूरी रकम को सुरक्षित करा लिया है।
पुलिस ने अन्य नामजद आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!