रायपुर। त्योहारी सीजन में अगर आप खरीदारी के लिए बाजार जा रहे हैं तो सावधान रहें। भीड़भाड़ वाले बाजारों में चोर गिरोह सक्रिय हैं और मौका मिलते ही महिलाओं व बच्चों को निशाना बना रहे हैं। रायपुर पुलिस ने मालवीय रोड पर कार्रवाई करते हुए दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने महिलाओं और छोटे बच्चों के गले से सोने की चेन, लॉकेट व अन्य आभूषण चोरी करने की 7 वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, 9,700 रुपये नगद, एक एक्टिवा और 5 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई गई है।
बच्चे के गले से लॉकेट चोरी की सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस
रक्षाबंधन की खरीदारी के दौरान रविवार को मालवीय रोड पर भारी भीड़ थी। इसी दौरान पुलिस को एक छोटे बच्चे के गले से सोने का लॉकेट चोरी होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही ACCU और थाना कोतवाली की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली।
फुटेज में दो संदिग्ध महिलाएं महिलाओं और बच्चों के आसपास घूमती नजर आईं। दोनों मौका मिलते ही उनके गले के आसपास हाथ लगाती दिखाई दीं। CCTV फुटेज से मिले हुलिए के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों महिलाओं को पकड़ लिया।
पूछताछ में 7 चोरी की वारदातों का खुलासा
गिरफ्तार महिलाओं की पहचान नंदनी राजपूत और सानिया मरकाम, निवासी गुढियारी रायपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार शुरुआती पूछताछ में दोनों ने गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सबूतों के आधार पर पूछताछ करने पर उन्होंने चोरी की वारदातें स्वीकार कर लीं।
पुलिस के मुताबिक आरोपी महिलाएं भीड़भाड़ वाले बाजारों और मेला स्थलों में महिलाओं तथा छोटे बच्चों को निशाना बनाती थीं। वे मौका पाकर गले से सोने के लॉकेट, चेन और अन्य आभूषण पार कर देती थीं।
पूछताछ में दोनों ने गोलबाजार, महादेव घाट, इतवारी बाजार सहित अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और मेला स्थलों में चोरी की कुल 7 घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है।
12 लाख का सामान बरामद
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने करीब 10 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण, 9,700 रुपये नगद, वारदात में इस्तेमाल एक्टिवा और 5 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद सामान की कुल कीमत लगभग 12 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस दोनों आरोपियों से अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में पूछताछ कर रही है। पूछताछ और जांच में और भी वारदातों का खुलासा होने की संभावना है।
आरोपी नंदनी का पति हिस्ट्रीशीटर
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी नंदनी राजपूत का पति मोहन राजपूत नोपाली थाना गुढियारी का हिस्ट्रीशीटर है। पुलिस के अनुसार वह नारकोटिक एक्ट के मामले में दोषसिद्ध होकर वर्तमान में केंद्रीय जेल रायपुर में सजा काट रहा है।
गिरफ्तार आरोपी
1. नंदनी राजपूत, पति मोहन राजपूत नोपाली, उम्र 32 वर्ष, निवासी रामनगर कर्मा चौक, थाना गुढियारी, रायपुर।
2. सानिया मरकाम, पिता कोमल मरकाम, उम्र 20 वर्ष, निवासी रामनगर, पुराना पुलिस चौकी के पास, थाना गुढियारी, रायपुर।
त्योहारी भीड़ पर पुलिस की पैनी नजर
रक्षाबंधन के दौरान मालवीय रोड, गोलबाजार सहित शहर के प्रमुख बाजारों में बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। इसे देखते हुए रायपुर पुलिस ने बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल पेट्रोलिंग, CCTV निगरानी और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की व्यवस्था बढ़ाई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार त्योहारी भीड़ का फायदा उठाकर चोरी करने वाले असामाजिक तत्वों पर लगातार नजर रखी जा रही है। मालवीय रोड पर हुई कार्रवाई इसी सतर्कता का परिणाम है। आगामी त्योहारों को देखते हुए बाजारों में पुलिस की पैदल पेट्रोलिंग और निगरानी आगे भी जारी रहेगी।
✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर — किशोर कुमार
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!