✍️हमरप्रदेश सीजी न्यूज
जिला रिपोर्टर जगेश्वर पटेल गरियाबंद
गरियाबंद। जिले में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आगामी दिनों में बारिश और तेज हवाओं की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है।
मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार 27 अक्टूबर को सुकमा और दंतेवाड़ा तथा 28 और 29 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में वर्षा होने की संभावना जताई गई है। बताया जा रहा है कि बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवात उत्तरी आंध्र प्रदेश तट पर पहुंचने वाला है, जिसके असर से छत्तीसगढ़ का मौसम प्रभावित होगा।
संभावित खराब मौसम को ध्यान में रखते हुए गरियाबंद कलेक्टर रणबीर शर्मा ने सभी विभागों को अलर्ट रहने और आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन तैयार रहे।
गांव-गांव में कोटवारों के माध्यम से होगी मुनादी
कलेक्टर रणबीर शर्मा ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों (एसडीएम) को निर्देश दिए हैं कि संभावित बारिश और तेज हवाओं से होने वाले नुकसान के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करने के लिए गांव-गांव में कोटवारों के माध्यम से मुनादी कराई जाए। लोगों को अपनी फसलों, मवेशियों, घरों और अन्य संपत्तियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की जानकारी दी जाए। किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन को तत्काल सूचना देने के लिए भी लोगों को जागरूक किया जाए।
कंट्रोल रूम सक्रिय, निचले इलाकों पर विशेष नजर
जिला एवं तहसील स्तर पर कंट्रोल रूम सक्रिय रखने और मौसम विभाग की चेतावनियों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। राजस्व, पुलिस, पंचायत, स्वास्थ्य, विद्युत सहित अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ तैयार रहने को कहा गया है।
संभावित वर्षा को देखते हुए निचले क्षेत्रों, जलभराव वाले स्थानों और बाढ़ की आशंका वाले इलाकों की पहचान कर राहत एवं बचाव की व्यवस्था तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। आपदा प्रबंधन दलों को आवश्यक उपकरणों के साथ तैयार रहने तथा बांधों और जलाशयों के जलस्तर की लगातार निगरानी करने को कहा गया है।
यदि जल निकासी की जरूरत पड़ती है, तो प्रभावित क्षेत्रों में समय रहते सूचना पहुंचाने और जनसुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश भी दिए गए हैं। इसके साथ ही बिजली आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य आवश्यक सेवाओं को सुचारू बनाए रखने पर जोर दिया गया है।
जनहानि रोकना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता
कलेक्टर शर्मा ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में तैयारियों की समीक्षा करने और मौसम संबंधी चेतावनियों की जानकारी आम नागरिकों तक समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें, मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें तथा तेज हवाओं और बारिश के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें।
जिला प्रशासन का उद्देश्य संभावित नुकसान को कम करना और आम नागरिकों के साथ-साथ फसल, मवेशियों एवं संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!