✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
दुर्ग। गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन की तलाश में दुर्ग पुलिस ने तकनीकी कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने CEIR पोर्टल और तकनीकी संसाधनों की मदद से 201 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस द्वारा मोबाइल फोन का सत्यापन कर उन्हें उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंपने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में यह मोबाइल बरामदगी एवं वितरण की छठवीं कार्रवाई है। इस वर्ष अब तक CEIR पोर्टल के माध्यम से 1200 से अधिक गुम मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं।
जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में नागरिकों द्वारा मोबाइल गुम होने की शिकायतें दर्ज कराई गई थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम ने मोबाइल के IMEI नंबर एवं तकनीकी जानकारी के आधार पर लगातार निगरानी और फॉलोअप किया।
तकनीकी जांच के दौरान दुर्ग, भिलाई, राजनांदगांव, बालोद, बेमेतरा और रायपुर सहित मध्यप्रदेश, आंध्र प्रदेश, बिहार समेत अन्य राज्यों से विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन बरामद किए गए।
CEIR पोर्टल पर IMEI नंबर दर्ज कराने की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम होने की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें और CEIR पोर्टल पर मोबाइल का IMEI नंबर दर्ज कराएं। इससे गुम मोबाइल की तलाश और उसे ब्लॉक करने की कार्रवाई में पुलिस को मदद मिलती है।
पुलिस द्वारा बरामद मोबाइलों के IMEI नंबरों की सूची अपने अधिकृत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जारी की जाएगी। सूची में अपना IMEI नंबर मिलने पर संबंधित व्यक्ति आवश्यक दस्तावेजों के साथ एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट कार्यालय, सेक्टर-03, भिलाई में संपर्क कर अपना मोबाइल प्राप्त कर सकते हैं।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!