✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
धमतरी। अर्जुनी थाना क्षेत्र के ग्राम कंडेल में गौठान के पास बरगद के पेड़ के नीचे युवक की गला रेतकर हत्या किए जाने के मामले का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक हत्या की वजह पुरानी रंजिश और पूर्व विवाद सामने आई है।
धारदार हथियार से किया हमला
घटना 6 सितंबर 2026 की रात करीब 9 बजे की है। मृतक पारसमणी साहू (34 वर्ष) निवासी कंडेल, पेशे से राजमिस्त्री था। बताया गया कि वह गौठान के पास मौजूद था। इसी दौरान पूर्व विवाद और रंजिश को लेकर आरोपी ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया और गला रेत दिया।
गंभीर चोट लगने से अत्यधिक रक्तस्राव हुआ और युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
पिता की रिपोर्ट पर जांच शुरू
घटना की सूचना मिलने के बाद मृतक के पिता भारत राम साहू की रिपोर्ट पर अर्जुनी थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 0/2026, धारा 103(1) BNS के तहत मामला दर्ज किया। साथ ही मर्ग क्रमांक 88/2026, धारा 194 BNSS के तहत मर्ग जांच शुरू की गई।
थाना प्रभारी शरद ताम्रकार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। फॉरेंसिक टीम की मदद से भी घटनास्थल की जांच कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए गए।
18 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने संदेह के आधार पर ग्राम कंडेल निवासी यावेन्द्र कुमार ध्रुव (18 वर्ष 1 माह) पिता दिनेश कुमार ध्रुव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार किया।
आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू जब्त कर लिया। आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पूरी कार्रवाई एसपी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में अर्जुनी थाना पुलिस द्वारा की गई। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से हत्या की गुत्थी जल्द सुलझ गई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!