रिपोर्टर जागेश्वर पटेल गरियाबंद
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ hamarpradeshcg.com
*छुरा: पंडरीपानीडीह स्कूल में 48 बच्चों का भविष्य खतरे में, नशेड़ी प्रधानपाठक के खिलाफ ग्रामीणों ने जड़ा ताला*
*गरियाबंद/छुरा -* विकासखंड छुरा के ग्राम पंचायत खरखरा के आश्रित ग्राम पंडरीपानीडीह के शासकीय प्राथमिक शाला में ग्रामीणों और पालकों का आक्रोश फूट पड़ा। प्रधानपाठक की लगातार लापरवाही और अनियमितता से परेशान होकर पालकों ने स्कूल के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया, जिससे बच्चे पेड़ के नीचे बैठकर पढ़ने को मजबूर हैं।
*48 बच्चों की जिम्मेदारी, एक शिक्षक पर पूरा भार*
शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के आवेदन में स्कूल की दर्ज संख्या 48 बताई गई है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रधानपाठक नोहर सिंह मौर्य यदि नियमित रूप से स्कूल नहीं आते हैं तो इतनी बड़ी संख्या में बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होना स्वाभाविक है। एक शिक्षक के भरोसे इतने बच्चों की पढ़ाई सुचारू रूप से संचालित करना मुश्किल है।

*समिति ने पहले भी समझाया, नहीं हुआ सुधार*
ग्रामीणों के अनुसार प्रधानपाठक को शाला प्रबंधन एवं विकास समिति द्वारा दो-तीन बार समझाइश भी दी जा चुकी है, लेकिन उनके व्यवहार में कोई सुधार नहीं हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रधानपाठक कभी-कभी शराब के नशे में भी स्कूल आते हैं और पिछले 4 महीनों में मात्र 4-5 दिन ही स्कूल आये हैं।

*BEO के समझाने के बाद भी नहीं खूला ताला*
स्कूल में ताला लगने की जानकारी मिलने के बाद विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय से एडिशनल बीईओ विनोद सिन्हा मौके पर पहुंचे। उन्होंने पालकों और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया तथा स्कूल का ताला खोलने के लिए बातचीत की, लेकिन पालक अपनी मांग पर अड़े रहे। पालकों का स्पष्ट कहना है कि केवल समझाइश से अब समस्या का समाधान नहीं होगा, वे प्रधानपाठक को हटाकर उनके स्थान पर दूसरे प्रधानपाठक की पदस्थापना का आदेश चाहते हैं।
*डीईओ को सौंपा आवेदन, कार्रवाई की मांग*
शाला प्रबंधन एवं विकास समिति तथा ग्रामवासियों ने जिला शिक्षा अधिकारी गरियाबंद को आवेदन सौंपकर प्रधानपाठक नोहर सिंह मौर्य को तत्काल शाला से हटाने की मांग की है। आवेदन में कहा गया है कि यदि एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई नहीं की गई तो समिति और समस्त ग्रामवासी स्कूल में तालाबंदी कर विरोध जारी रखेंगे।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!