हमर प्रदेश सीजी न्यूज़
स्टेट हेड रिपोर्टर- मनोज कुमार भट्ट
जगदलपुर: सील गोदाम से 1300 बोरी यूरिया गायब, 3 महीने बाद भी कोई गिरफ्तारी नहीं
जगदलपुर। नानगुर ब्लॉक स्थित एक निजी कृषि केंद्र के सील बंद गोदाम से बड़ी मात्रा में सरकारी खाद गायब होने का मामला सामने आया है। तीन महीने बीत जाने के बाद भी इस मामले में पुलिस के हाथ खाली हैं। विभाग ने एफआईआर तो दर्ज करा दी है, लेकिन जांच की रफ्तार बेहद धीमी है।
क्या है पूरा मामला?
कृषि विभाग ने अनियमितता की शिकायत के बाद नानगुर के अनन्या कृषि केंद्र के गोदाम को कलेक्टर के आदेश पर सील किया था। जब बाद में स्टॉक की जांच की गई तो रिकॉर्ड और मौके पर रखी खाद में भारी अंतर मिला। रिकॉर्ड में जहाँ करीब 1300 बोरी यूरिया और 2 टन पोटाश होना था, मौके पर सिर्फ 25 बोरी यूरिया ही मिली।
निगरानी पर उठ रहे सवाल
इतनी बड़ी मात्रा में खाद कहाँ गई, इसका जवाब अब तक किसी के पास नहीं है। सवाल ये भी है कि सील गोदाम की निगरानी की जिम्मेदारी किसकी थी? बताया जा रहा है कि सील करने के बाद करीब 12 दिनों तक गोदाम की नियमित निगरानी नहीं की गई, इसी बीच खाद गायब हो गई।
प्रशासन ने 23 जून की रात को केंद्र संचालक के खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी और आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू की थी।
इस मामले में उप संचालक कृषि राजीव श्रीवास्तव का कहना है कि विभागीय जांच के बाद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है, आरोपियों की तलाश पुलिस कर रही है।
लेकिन एफआईआर के बाद भी अब तक किसी की गिरफ्तारी न होने से किसानों और स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!