✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
झीरम घाटी हत्याकांड: NIA कोर्ट के फैसले से पहले टीएस सिंहदेव का बड़ा बयान, बोले- जिम्मेदारी तय होगी तभी मिलेगा न्याय का संतोष
जगदलपुर। बहुचर्चित झीरम घाटी हत्याकांड मामले में 31 अगस्त को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की विशेष अदालत के फैसले की उम्मीद के बीच पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव का बयान सामने आया है। सिंहदेव ने घटना के दिन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस मामले में केवल दोषियों की पहचान ही नहीं, बल्कि घटना की जिम्मेदारी भी तय होना जरूरी है।
खुद को बताया प्रत्यक्षदर्शी
टीएस सिंहदेव ने कहा कि वे झीरम घाटी की घटना के प्रत्यक्षदर्शी रहे हैं। उन्होंने बताया कि घटना के बाद जगदलपुर पहुंचकर उन्होंने NIA के समक्ष अपनी आंखों देखी घटना का बयान दर्ज कराया था।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
सिंहदेव के मुताबिक, घटना वाले दिन झीरम घाटी क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी बेहद कम थी। उन्होंने दावा किया कि रास्ते में कई स्थानों पर पर्याप्त सुरक्षा बल की तैनाती नहीं थी।
उनका कहना है कि उन्होंने जांच एजेंसी के सामने घटना से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं और उस समय की परिस्थितियों के बारे में अपना बयान दर्ज कराया है।
बोले- जिम्मेदारी तय होगी तभी मिलेगा संतोष
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यदि जांच और अदालत के फैसले में इन तथ्यों को उचित स्थान मिलता है तथा झीरम घाटी की घटना के लिए जिम्मेदारी भी तय होती है, तभी पीड़ित परिवारों और कांग्रेस नेताओं को वास्तविक न्याय मिलने का संतोष होगा।
अब सभी की निगाहें 31 अगस्त को होने वाली संभावित सुनवाई और अदालत के फैसले पर टिकी हैं।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!