✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज दुर्ग ब्यूरो चीफ रिपोर्टर कलावती
बिलासपुर रेल मंडल में 15 से अधिक ट्रेनों के पेंट्रीकार की औचक जांच, 24,855 रुपये जुर्माना वसूला
बिलासपुर। त्योहारी सीजन में ट्रेनों में बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए बिलासपुर रेल मंडल के वाणिज्य विभाग ने खानपान व्यवस्था को लेकर सख्ती शुरू कर दी है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह के निर्देश पर वाणिज्य विभाग की टीम ने जोनल स्टेशन से गुजरने वाली 15 से अधिक ट्रेनों के पेंट्रीकार की औचक जांच की।
जांच के दौरान पेंट्रीकार में काम करने वाले कर्मचारियों की ओर से कई नियमों की अनदेखी सामने आई। कई कर्मचारी निर्धारित यूनिफॉर्म में नहीं थे। वहीं कुछ कर्मचारियों के पास दस्ताने और टोपी नहीं थी। इसके अलावा मेडिकल प्रमाणपत्र और पुलिस वेरिफिकेशन से संबंधित दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं पाए गए।
35 मामलों में कार्रवाई, 24,855 रुपये जुर्माना
जांच के दौरान नियमों का पालन नहीं करने वाले 35 कर्मचारियों के खिलाफ मामले दर्ज कर जुर्माने की कार्रवाई की गई। इनसे कुल 24,855 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, त्योहारी सीजन में ट्रेनों में यात्रियों की संख्या बढ़ने के कारण खानपान व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही यात्रियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा पर असर डाल सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए पेंट्रीकार की व्यवस्था, कर्मचारियों की स्थिति और आवश्यक दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
सफाई से लेकर कर्मचारियों के दस्तावेज तक जांच
वाणिज्य विभाग की टीम ने पेंट्रीकार में सबसे पहले साफ-सफाई और खाद्य सामग्री के रखरखाव की स्थिति देखी। इसके बाद कर्मचारियों के आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। मेडिकल सर्टिफिकेट और पुलिस वेरिफिकेशन सहित अन्य दस्तावेजों में कमियां मिलने पर संबंधित कर्मचारियों से पूछताछ की गई।
रेलवे का कहना है कि नियमों का उल्लंघन मिलने पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। पेंट्रीकार संचालकों और कर्मचारियों को सभी निर्धारित नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
पेंट्रीकार में इन नियमों का पालन अनिवार्य
रेलवे ने पेंट्रीकार संचालकों और कर्मचारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए हैं—
- पेंट्रीकार के गलियारे को हमेशा खुला रखना होगा, वहां कोई सामान नहीं रखा जाएगा।
- एक्सपायरी डेट वाली खाद्य सामग्री नहीं रखी जाएगी।
- गैस सिलेंडर के उपयोग से संबंधित नियमों का सख्ती से पालन करना होगा।
- प्रत्येक कर्मचारी के लिए यूनिफॉर्म, टोपी और दस्ताने पहनना अनिवार्य होगा।
- खाद्य एवं अन्य सामान पर निर्धारित प्रिंट रेट अंकित होना चाहिए।
- खानपान सामग्री की गुणवत्ता और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखना होगा।
पूरे त्योहारी सीजन में जारी रहेगी जांच
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह ने कहा कि यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खानपान उपलब्ध कराना रेलवे की प्राथमिकता है। वाणिज्य विभाग की यह जांच पूरे त्योहारी सीजन के दौरान जारी रहेगी। अलग-अलग ट्रेनों के पेंट्रीकार की जांच कर सफाई व्यवस्था, खानपान की गुणवत्ता और कर्मचारियों द्वारा नियमों के पालन की स्थिति देखी जाएगी। नियमों का उल्लंघन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!