✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
वर्ष 2026 में अब तक 3,957 मामलों में कार्रवाई, 9 प्रमुख चौक-चौराहों पर चला विशेष जांच अभियान
रायपुर। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 30 अगस्त की रात शहर के 9 प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष जांच अभियान चलाया गया।
अभियान अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात राम कुमार बर्मन के नेतृत्व में तथा सभी सहायक पुलिस आयुक्त यातायात की मौजूदगी में संचालित किया गया।
ब्रीथ एनालाइजर से हुई जांच
जांच अभियान के दौरान आधुनिक ब्रीथ एनालाइजर से वाहन चालकों की जांच की गई। जांच में कुल 51 वाहन चालक नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए।
इनमें:
- 44 कार चालक
- 4 टाटा एस पिकअप चालक
- 2 ट्रक/टैंकर चालक
- 1 बस चालक
शामिल हैं।
सभी के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के प्रावधानों के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
2026 में अब तक 3,957 मामलों में कार्रवाई
यातायात पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक ड्रिंक एंड ड्राइव के कुल 3,957 मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है।
पुलिस का कहना है कि नशे की हालत में वाहन चलाने से चालक की निर्णय लेने की क्षमता, प्रतिक्रिया समय और वाहन पर नियंत्रण प्रभावित होता है। इससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। इसी को देखते हुए यातायात पुलिस द्वारा ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है।
डीसीपी ट्रैफिक ने की अपील
डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा ने नागरिकों से अपील की है कि शराब अथवा किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थ का सेवन करने के बाद वाहन न चलाएं। ऐसी स्थिति में टैक्सी, सार्वजनिक परिवहन या परिवार के किसी सदस्य की सहायता लें।
उन्होंने कहा कि नशे में वाहन न चलाना केवल स्वयं की सुरक्षा नहीं, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के जीवन की सुरक्षा के प्रति भी जिम्मेदारी है।
डीसीपी ने बताया कि ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ यातायात पुलिस का विशेष अभियान आगामी दिनों में भी लगातार जारी रहेगा।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!