ढाबे की आड़ में चल रहा था कच्ची शराब का खेल: रतनपुर पुलिस का छापा, 150 लीटर महुआ शराब और बाइक के साथ संचालक समेत 3 गिरफ्तार
बिलासपुर:
जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत रतनपुर पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। ग्राम रैनपुर स्थित 'अनमोल ढाबा' में परोसी जा रही कच्ची महुआ शराब की खेप पर पुलिस ने सटीक घेराबंदी कर धावा बोला। कार्रवाई में पुलिस ने ढाबा संचालक, कर्मचारी और शराब सप्लायर को रंगे हाथों दबोचते हुए 150 लीटर कच्ची शराब (कीमत ₹30,000) और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक बाइक जब्त की है।
सटीक सूचना पर बिछाया जाल
एसएसपी रजनेश सिंह द्वारा जिले में नशीले पदार्थों के खिलाफ दिए गए कड़े निर्देशों के तहत रतनपुर पुलिस लगातार सक्रिय थी। 22 अगस्त को थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश कुमार पाण्डेय को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि एक तस्कर अपनी बाइक (क्रमांक CG-12 AG-2845) पर भारी मात्रा में अवैध महुआ शराब लादकर ग्राम रैनपुर कर्रा स्थित अनमोल ढाबे में सप्लाई करने जा रहा है।
सूचना मिलते ही अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने ढाबे के आसपास घेराबंदी की। जैसे ही खेप ढाबे पर पहुंची, टीम ने मौके पर रेड मारकर डिलीवरी ले रहे ढाबा संचालक, कर्मचारी और सप्लायर तीनों को धर दबोचा।
सलाखों के पीछे पहुंचे ये आरोपी
* अतुल सोनी (30 वर्ष, निवासी बूढ़ामहादेव, रतनपुर) – ढाबा संचालक
* कुनाल साहू (25 वर्ष, निवासी कसेरपारा, रतनपुर) – ढाबा कर्मचारी
* शिवशंकर गोंड (39 वर्ष, निवासी भेलवाटिकरी, कटघोरा, जिला कोरबा) – शराब सप्लायर/कोचिया
जब्ती व कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹30,000 मूल्य की 150 लीटर कच्ची महुआ शराब और तस्करी में प्रयुक्त बाइक जब्त की है। तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निलेश कुमार पाण्डेय सहित प्रधान आरक्षक कौशलराम खूंटे, आरक्षक धीरज कश्यप, पवन ठाकुर और आकाश डोंगरे की भूमिका अहम रही।
अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर छत्तीसगढ़
Hamar pradesh CG
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!