रिपोर्टर आनन्दगुप्ता हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ मुंगेली जिला
तकनीकी सहायक कर्मचारी संघ का 13 से 15 अक्टूबर तक आंदोलन, नियमितीकरण सहित तीन प्रमुख मांगें

जिला स्तरीय ध्यानाकर्षण के बाद 15 अक्टूबर को राज्य स्तर पर एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल
राजनांदगांव। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत विकसित भारत जी राम जी (VB-G RAM G) में कार्यरत तकनीकी सहायक कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर आंदोलन का ऐलान किया है। तकनीकी सहायक कर्मचारी संघ के आह्वान पर 13 एवं 14 अक्टूबर को जिला स्तरीय ध्यानाकर्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके पश्चात 15 अक्टूबर को राज्य स्तर पर एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल की जाएगी।
संघ की प्रमुख मांग है कि योजना के अंतर्गत कार्यरत समस्त तकनीकी सहायकों के लिए नियमित पदों का सृजन कर उन्हें समायोजित किया जाए। इसके साथ ही नियमितीकरण की प्रक्रिया पूरी होने तक तकनीकी सहायकों की सेवा शर्तें पंचायत विभाग में कार्यरत ग्राम पंचायत सचिवों के समान करते हुए स्थायीकरण संबंधी नियमावली तत्काल लागू की जाए।
संघ ने एक अन्य प्रमुख मांग रखते हुए कहा है कि तकनीकी सहायक के पदनाम में परिवर्तन कर इसे कनिष्ठ अभियंता (VB-G RAM G) किया जाए, ताकि कर्मचारियों की तकनीकी योग्यता, कार्य एवं जिम्मेदारियों के अनुरूप पदनाम निर्धारित हो सके।
संघ का कहना है कि तकनीकी सहायक ग्रामीण विकास योजनाओं के क्रियान्वयन, निर्माण कार्यों की तकनीकी देखरेख, मूल्यांकन एवं अन्य महत्वपूर्ण कार्यों में अहम भूमिका निभाते हैं। इसके बावजूद उनकी सेवा संबंधी समस्याओं का समाधान लंबित है। अपनी मांगों के प्रति शासन का ध्यान आकर्षित करने के उद्देश्य से चरणबद्ध आंदोलन का निर्णय लिया गया है।
संघ ने शासन से मांगों पर सकारात्मक पहल कर तकनीकी सहायक कर्मचारियों को नियमितीकरण, सेवा सुरक्षा एवं उचित पदनाम का लाभ प्रदान करने की अपील की है।
संघ का संदेश — “हमारा संघर्ष, हमारा अधिकार!”
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!