✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज दुर्ग ब्यूरो चीफ रिपोर्टर कलावती
जांजगीर-चांपा। तीजा पर्व मनाकर घर लौट रहा एक परिवार बुधवार सुबह सड़क हादसे का शिकार हो गया। भारतमाला रोड पर खिसोरा और हरदीविशाल के बीच बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि उनकी 16 वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल किशोरी को प्राथमिक उपचार के बाद बिलासपुर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम बुंदेली, थाना बाल्को निवासी दिलीप कोसले (40) अपनी पत्नी उषा कोसले (36) और बेटी शिवानी कोसले (16) के साथ 14 सितंबर को ग्राम करूमहूं स्थित नानी के घर तीजा पर्व मनाने गए थे।
बुधवार 16 सितंबर की सुबह करीब 7:30 बजे तीनों बाइक क्रमांक CG 12 AQ 9941 से अपने गांव बुंदेली लौट रहे थे। करीब 9 बजे खिसोरा-हरदीविशाल के बीच उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे डिवाइडर से टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान पति-पत्नी की मौत हो गई। वहीं बेटी शिवानी की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। मृतक दंपती के शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने BNS की धारा 281, 125(ए) और 106(1) के तहत मामला दर्ज कर घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस बाइक के अनियंत्रित होने और दुर्घटना के अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!