✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
रायपुर। राजधानी रायपुर में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। करीब 60 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 220 केवी दलदलसिवनी उपकेंद्र को आज ऊर्जीकृत किया गया। इस उपकेंद्र के शुरू होने से रायपुर की करीब 40 प्रतिशत आबादी को बेहतर और अधिक विश्वसनीय बिजली आपूर्ति का लाभ मिलने की उम्मीद है। इससे ढाई लाख से अधिक उपभोक्ता लाभान्वित होंगे।
अधिकारियों ने किया उपकेंद्र का शुभारंभ
220 केवी उपकेंद्र का स्विच ऑन कर इसे ऊर्जीकृत किया गया। इस अवसर पर ट्रांसमिशन कंपनी के एमडी राजेश कुमार शुक्ला और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के एमडी भीम सिंह कंवर मौजूद रहे।
उपकेंद्र में फिलहाल 160 एमवीए का एक तथा 63 एमवीए क्षमता के दो ट्रांसफार्मर स्थापित किए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार आगामी दो माह के भीतर यहां एक और 160 एमवीए ट्रांसफार्मर स्थापित किया जाएगा, जिससे विद्युत आपूर्ति क्षमता में और वृद्धि होगी।
शहर और ग्रामीण क्षेत्रों को मिलेगा फायदा
दलदलसिवनी उपकेंद्र से 132 केवी की दो लाइनें कचना और उरला के लिए निकाली जाएंगी। इसके अलावा 33 केवी के आठ फीडर बनाए जाएंगे, जिनमें सात फीडर शहर क्षेत्र और एक ग्रामीण क्षेत्र के लिए होगा।
इस नई विद्युत व्यवस्था से रायपुर शहर के साथ-साथ उरला, सिलतरा और मेटल पार्क जैसे प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों को भी बिजली आपूर्ति में लाभ मिलेगा। इससे औद्योगिक गतिविधियों को बेहतर विद्युत व्यवस्था उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने दी बधाई
उपकेंद्र के ऊर्जीकृत होने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और पावर कंपनीज के चेयरमैन सुबोध कुमार सिंह ने अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने इसे राजधानी की विद्युत व्यवस्था को अधिक मजबूत और भरोसेमंद बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
नए उपकेंद्र के संचालन से आने वाले समय में बिजली की मांग बढ़ने के बावजूद राजधानी के बड़े हिस्से में स्थिर एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति बनाए रखने में मदद मिलने की उम्मीद है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!