✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज दुर्ग ब्यूरो चीफ रिपोर्टर कलावती
दुर्ग। पद्मनाभपुर थाना पुलिस ने फाइनेंस धोखाधड़ी के मामले में कार्रवाई करते हुए गिरोह के दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि गिरोह के सदस्य आम लोगों के पहचान संबंधी दस्तावेजों का दुरुपयोग कर उनके नाम पर मोबाइल, एसी सहित महंगे इलेक्ट्रॉनिक सामान फाइनेंस कराते थे। इसके बाद सामान को संबंधित व्यक्ति को देने के बजाय सेकंड हैंड बाजार में बेचकर मुनाफा कमाते थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों द्वारा लोगों के नाम और दस्तावेजों का इस्तेमाल कर अलग-अलग फाइनेंस कंपनियों से इलेक्ट्रॉनिक सामान फाइनेंस कराया जाता था। सामान मिलने के बाद उसे बाजार में बेच दिया जाता था, जबकि फाइनेंस की ईएमआई चुकाने की जिम्मेदारी उस व्यक्ति पर आ जाती थी, जिसके दस्तावेजों का इस्तेमाल किया गया था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर मिहिर रंजन रॉय (25 वर्ष), निवासी स्मृतिनगर, भिलाई और शेखर देशमुख (27 वर्ष), निवासी केलाबाड़ी, दुर्ग को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक सैमसंग मोबाइल, बैंक पासबुक और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, इस धोखाधड़ी नेटवर्क के संबंध में इससे पहले ऋषभ शर्मा, दीपेश जोशी और दुर्गेश गुप्ता को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले में गिरोह से जुड़े अन्य संभावित आरोपियों की तलाश और विवेचना जारी है।
पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों को विधिवत न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस की आमजन से अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर अपना आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक खाते से संबंधित जानकारी, पासबुक या अन्य व्यक्तिगत दस्तावेज साझा न करें। किसी भी फाइनेंस या आर्थिक लेनदेन से पहले पूरी जानकारी और संबंधित संस्था की विश्वसनीयता की जांच करें, ताकि दस्तावेजों के दुरुपयोग और वित्तीय धोखाधड़ी से बचा जा सके।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!