✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
📍 दुर्ग-भिलाई | छत्तीसगढ़ दुर्ग-भिलाई के प्रमुख बाजारों और चौक-चौराहों पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए यातायात पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम द्वारा अतिक्रमण हटाने एवं नो-पार्किंग के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों और सड़क पर अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
इन प्रमुख स्थानों पर हुई कार्रवाई
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, दुर्ग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे अभियान के तहत दुर्ग के इंदिरा मार्केट तथा भिलाई के नेहरू नगर चौक से सूर्या मॉल चौक, अवंति बाई चौक और सिविक सेंटर मार्केट में संयुक्त कार्रवाई की गई।
इस दौरान सड़क पर यातायात बाधित करने वाले अतिक्रमण को हटाया गया। वहीं, नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 202 वाहनों पर चालानी कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त नगर निगम द्वारा नियमों के उल्लंघन पर 15,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
पावर हाउस मार्केट और रेलवे स्टेशन के सामने भी अभियान
अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से आज पावर हाउस मार्केट तथा रेलवे स्टेशन के सामने भी यातायात पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने अभियान चलाया।
यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए अभियान जारी रहेगा
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बाजार क्षेत्रों में सुगम आवागमन सुनिश्चित करने, जाम की समस्या से राहत दिलाने और सड़क सुरक्षा बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने तथा व्यापारियों से सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण नहीं करने की अपील की गई है, ताकि आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े।
📢 प्रशासन की अपील: यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित पार्किंग का उपयोग करें और शहर को अतिक्रमण मुक्त एवं व्यवस्थित बनाने में सहयोग दें।
✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज़
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!