Tuesday, October 27 2026
ताज़ा ख़बरें

Loading...

दुर्ग में बढ़े स्वाइन फ्लू के मरीज, जिला अस्पताल में बनाया गया 10 बेड का आइसोलेशन वार्ड

State Head - KISHOR_HP
State Head - KISHOR_HP
41 Views 5 Min Read 0 Comments
दुर्ग में बढ़े स्वाइन फ्लू के मरीज, जिला अस्पताल में बनाया गया 10 बेड का आइसोलेशन वार्ड

✍️ हमर प्रदेश | स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार

दुर्ग। जिले में स्वाइन फ्लू के मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। बढ़ते मरीजों के मद्देनजर जिला अस्पताल दुर्ग में 10 बेड का आइसोलेशन वार्ड तैयार किया गया है। इसके अलावा जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) और सिविल अस्पताल सुपेला में भी आवश्यक आइसोलेशन सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है।

28 दिनों में मिले 17 पॉजिटिव मरीज

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार पिछले 28 दिनों में जिले में स्वाइन फ्लू के 17 धनात्मक प्रकरण सामने आए हैं। वर्तमान में जिले में 9 एक्टिव मरीज हैं, जिनका अलग-अलग अस्पतालों में उपचार चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक सभी मरीजों की स्थिति फिलहाल सामान्य है।

इनमें सेक्टर-9 भिलाई, बीएम शाह अस्पताल, हाईटेक हॉस्पिटल और सुयश अस्पताल रायपुर में एक-एक मरीज का उपचार चल रहा है। वहीं रामकृष्ण हॉस्पिटल रायपुर में तीन मरीज भर्ती हैं। दो मरीज होम आइसोलेशन में हैं।

अब तक 8 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ होकर डिस्चार्ज किए जा चुके हैं।

पॉजिटिव केस मिलने पर लगातार कांटेक्ट ट्रेसिंग

कलेक्टर के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वाइन फ्लू को लेकर लगातार निगरानी की जा रही है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज दानी, जिला सर्वेलेंस अधिकारी डॉ. सीबीएस बंजारे और जिला कार्यक्रम प्रबंधक, एनएचएम भूमिका वर्मा के मार्गदर्शन में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

नए धनात्मक प्रकरण सामने आने पर मरीज के संपर्क में आए लोगों की कांटेक्ट ट्रेसिंग की जा रही है और उनकी नियमित मॉनिटरिंग भी की जा रही है।

5 अगस्त को सामने आया था पहला मामला

जिले में स्वाइन फ्लू का पहला मामला 5 अगस्त को सामने आया था। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार स्वाइन फ्लू में अचानक तेज बुखार के साथ खांसी, गले में खराश, शरीर में दर्द, सिरदर्द, कमजोरी और नाक बहने जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। कुछ मामलों में सांस लेने में परेशानी भी हो सकती है।

खासकर छोटे बच्चों में लगातार बुखार, सांस लेने में कठिनाई या स्वास्थ्य स्थिति बिगड़ने जैसे लक्षण दिखाई देने पर इसे सामान्य बुखार समझकर लंबे समय तक घर पर इलाज नहीं करना चाहिए। ऐसे लक्षण होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना जरूरी है।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने और लक्षण दिखाई देने पर समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की है।

State Head - KISHOR_HP
Written by

State Head - KISHOR_HP

Contributing writer at THE NEWS HUB. Covering the latest developments in खबरे काम की.

Comments (0)

Leave a Comment

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Latest Videos