✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज दुर्ग ब्यूरो चीफ रिपोर्टर — कलावती
दुर्ग। पदमनाभपुर थाना क्षेत्र के धनोरा में दूध विक्रेता से सोने का लॉकेट झपटकर फरार हुए दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 18 हजार रुपये कीमत का सोने का लॉकेट और वारदात में प्रयुक्त HF Deluxe मोटरसाइकिल बरामद की है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, 30 सितंबर 2026 को नेवई निवासी 60 वर्षीय बीर सिंह धनोरा क्षेत्र में दूध बांटने के बाद मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान द मार्क होटल के पास मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने उन्हें रोका। आरोप है कि उनमें से एक युवक उनकी मोटरसाइकिल पर पीछे बैठ गया। कुछ दूरी आगे जाने के बाद पीछे बैठे आरोपी ने उनके गले से सोने का लॉकेट झपट लिया। इसके बाद दोनों आरोपी मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गए।
घटना की शिकायत पर पदमनाभपुर थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 613/2026 के तहत धारा 304(2), 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान मिले सुरागों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने राहुल सोनी (45), निवासी गंजपारा, उत्कल कॉलोनी, दुर्ग को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने साथी रोहित उर्फ रोहन नागेश (27) के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर करीब 18 हजार रुपये कीमत का सोने का लॉकेट तथा घटना में प्रयुक्त HF Deluxe मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 BW 7730 जब्त की।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने रास्ते में पीड़ित को रोककर एक आरोपी के पीछे बैठने का बहाना बनाया और मौका मिलते ही उसके गले से लॉकेट झपटकर फरार हो गए। दोनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!