*धमतरी।* खरीफ सीजन के दौरान धान की फसल में कीट और बीमारियों के प्रकोप को देखते हुए जिले में कीटनाशकों की मांग और बिक्री बढ़ गई है। किसानों को सही दाम पर गुणवत्तायुक्त कीटनाशक मिले, इसके लिए कृषि विभाग द्वारा लगातार दुकानों का निरीक्षण किया जा रहा है।
संचालक कृषि एवं कृषि विभाग के निर्देश पर जिले के विभिन्न कीटनाशक विक्रेताओं की दुकानों की जांच की जा रही है। इसी क्रम में अनुविभागीय कृषि अधिकारी धमतरी एवं कीटनाशी निरीक्षक द्वारा भटगांव स्थित मेसर्स गौरव कृषि केंद्र एवं मेसर्स प्रगति एग्रीकल्चर सेंटर के कीटनाशी लाइसेंस को तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश तक निलंबित कर दिया गया है। निरीक्षण के दौरान दुकानों में आवश्यक दस्तावेजों का संधारण नहीं पाया गया, मूल्य सूची उपलब्ध नहीं थी और स्टॉक का प्रदर्शन नहीं किया गया था।
इसी तरह भटगांव स्थित मेसर्स गायत्री कृषि केंद्र के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। संबंधित थोक विक्रेता द्वारा बेचे गए कीटनाशकों में अनियमितता पाए जाने पर फुटकर लाइसेंस निरस्त कर दिया गया है। लाइसेंस निरस्त होने के बाद संबंधित प्रतिष्ठान द्वारा कीटनाशक का व्यवसाय नहीं किया जा सकेगा।
जिले में निरीक्षण अभियान के तहत 10 अन्य दुकानों का भी निरीक्षण किया गया। इनमें मेसर्स आदर्श कृषि केंद्र धमतरी, राधा ट्रेडर्स धमतरी, शिव धारा कृषि केंद्र धमतरी, सदगुरू कृषि केंद्र देमार, दिवाकर कृषि केंद्र देमार, धारणा कृषि केंद्र भटगांव, गगन कृषि केंद्र खम्हरिया, तेजल कृषि केंद्र दानीटोला, साहू कृषि केंद्र कलारतराई और प्रियांशु कृषि केंद्र सेमरा बी शामिल हैं।
निरीक्षण के दौरान मेसर्स बंसल ट्रेडर्स, धमतरी में भी अनियमितता पाई गई, जिसके कारण कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। विभाग के अनुसार नोटिस का जवाब प्राप्त होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों की सुरक्षा के लिए कीटनाशकों की बिक्री और वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। बिना लाइसेंस, निर्धारित दस्तावेज, मूल्य सूची और स्टॉक प्रदर्शन के व्यवसाय संचालन की जांच की जा रही है। विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत विक्रेता से ही कीटनाशक खरीदें और खरीद के समय बिल अवश्य लें।
✍️*स्टेट रिपोर्टर - मनोज भट्ट*
*हमर प्रदेश छत्तीसगढ़*
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!