✍️जयकिशन साहू... हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज
धमतरी। जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन निश्चय” के तहत धमतरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कुरूद पुलिस ने 21.51 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, जब्त हेरोइन समेत कुल 3.65 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर 2026 की शाम करीब 6:20 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुरूद के मेघा रोड स्थित इन्वेन्चर स्कूल तिराहा के पास कुछ युवक हेरोइन लेकर ग्राहकों की तलाश कर रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर तीन संदिग्धों को पकड़ा।
तलाशी में 21.51 ग्राम हेरोइन बरामद
पुलिस ने आरोपियों की तलाशी ली, जिसमें 21.51 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई। इसके अलावा 8 हजार रुपये नगद, दो मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 3 लाख 65 हजार रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में—
घनश्याम सिन्हा उर्फ घनसु सिन्हा, उम्र 24 वर्ष, निवासी कलार पारा, कुरूद।
ढालेन्द्र रजक उर्फ बाउ, उम्र 24 वर्ष, निवासी नयापारा, धमतरी।
सूरज रजक, उम्र 29 वर्ष, निवासी नयापारा, धमतरी।
NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई
कुरूद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 306/2026 दर्ज करते हुए धारा 21(बी), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि “ऑपरेशन निश्चय” के तहत जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटा रही है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!