✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज | स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
महासमुंद। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सरायपाली पुलिस ने नकली होलोग्राम और छत्तीसगढ़ स्टेट के फर्जी लेबल का इस्तेमाल कर शराब की तस्करी एवं बिक्री करने वाले एक कथित संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई में पुलिस ने 3229 लीटर 860 मिलीलीटर अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत 22 लाख 15 हजार 120 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, यह नेटवर्क महासमुंद के अलावा सारंगढ़, रायगढ़ और जांजगीर सहित अलग-अलग क्षेत्रों तक फैला हुआ था। मामले की जांच आगे बढ़ने के साथ आरोपियों की संख्या बढ़कर सात हो गई है।
डस्टर और कंटेनर से बरामद हुई भारी मात्रा में शराब
पुलिस कार्रवाई के दौरान डस्टर कार क्रमांक CG 04 PS 3481 से 25 पेटियों में रखी 1192 पौव्वा गोवा अंग्रेजी शराब बरामद की गई। इसकी मात्रा 214 लीटर 560 मिलीलीटर तथा अनुमानित कीमत 1,43,040 रुपये बताई गई है।
वहीं कंटेनर ट्रक क्रमांक HR-13-X-3220 की तलाशी में 345 पेटी गोवा अंग्रेजी शराब मिली। प्रत्येक पेटी में 48-48 पौव्वे थे। पुलिस के मुताबिक इसकी कुल मात्रा 2980 लीटर 800 मिलीलीटर और कीमत करीब 19,87,200 रुपये है।
इसके अतिरिक्त आरोपी अमित पटेल के कब्जे से विभिन्न ब्रांड की 46 बोतल अंग्रेजी शराब भी बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा 34 लीटर 500 मिलीलीटर बताई गई है।
इस प्रकार पुलिस ने कुल 3229 लीटर 860 मिलीलीटर अवैध शराब जब्त की।
नकली होलोग्राम और फर्जी लेबल की पुष्टि
जांच के दौरान शराब की बोतलों पर लगे होलोग्राम और लेबल संदिग्ध पाए गए। पुलिस के अनुसार, आबकारी विभाग की जांच में इनके नकली होने की पुष्टि हुई। इसके बाद मामले में फर्जीवाड़े एवं संगठित अपराध से संबंधित धाराएं भी जोड़ी गईं।
जांच में नकली होलोग्राम, लेबल, बोतल और शराब की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस ने धीरज आहूजा को हरियाणा से गिरफ्तार किया।
थोक खरीदार से लेकर सप्लायर तक कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, अजित पटेल और अमित पटेल कंटेनर से आने वाली अवैध शराब के थोक खरीदार बताए गए हैं। राजेश पटेल पर स्थानीय स्तर पर थोक बिक्री से जुड़े होने का आरोप है, जबकि विनय सिंह ठाकुर रायगढ़ क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री के नेटवर्क से जुड़ा बताया गया है।
वहीं धीरज आहूजा पर नकली होलोग्राम, लेबल, बोतल और शराब के कंटेनर उपलब्ध कराने से जुड़े होने का आरोप है। पुलिस का कहना है कि जांच में नेटवर्क के दूसरे राज्यों तक फैले होने के साक्ष्य भी सामने आए हैं।
50 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त
शराब के अलावा पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल वाहनों और मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
- 3229.860 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब – ₹22,15,120
- डस्टर कार – करीब ₹3 लाख
- कंटेनर ट्रक – करीब ₹10 लाख
- क्रेटा कार – करीब ₹15 लाख
- 3 मोबाइल फोन – करीब ₹15 हजार
पुलिस के अनुसार, जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत ₹50,30,120 है।
जांच में सात आरोपी गिरफ्तार
मामले में पुलिस ने पहले राजेश पटेल, अजित पटेल, अमित पटेल, विनय सिंह ठाकुर और धीरज आहूजा को गिरफ्तार किया। इसके बाद 25 सितंबर 2026 को आयुस महापात्र और स्वरूप सिंह सलूजा को भी गिरफ्तार किए जाने की जानकारी दी गई है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली होलोग्राम और फर्जी लेबल कहां तैयार किए जाते थे, शराब का वास्तविक स्रोत क्या था और इसे किन-किन क्षेत्रों में सप्लाई किया जा रहा था।
इन धाराओं के तहत मामला दर्ज
सरायपाली थाने में अपराध क्रमांक 264/2026 के तहत धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट तथा धारा 111(2), 338, 336(3), 340(4) बीएनएस के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, अवैध शराब के स्रोत, परिवहन, बिक्री तथा नकली होलोग्राम तैयार करने वाले नेटवर्क की जांच अभी जारी है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!