Tuesday, October 27 2026
ताज़ा ख़बरें

Loading...

नगरी में तेंदुए का आतंक! नल से पानी भर रही 45 वर्षीय महिला पर हमला, बहन की बहादुरी से बची जान; गले और सिर पर गहरे जख्म

State Head - KISHOR_HP
State Head - KISHOR_HP
5 Min Read 0 Comments
Hamar Pradesh Cg.com
Hamar Pradesh Cg.com

# नगरी में तेंदुए का आतंक! नल से पानी भर रही 45 वर्षीय महिला पर हमला, बहन की बहादुरी से बची जान; गले और सिर पर गहरे जख्म

 

**धमतरी/नगरी।** वनांचल क्षेत्र में जंगली जानवरों की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। नगरी क्षेत्र के ग्राम पंचायत बासपानी के आश्रित गांव ठेमली पारा में शाम के समय उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब नल-जल योजना के तहत पानी भर रही एक महिला पर अचानक तेंदुए ने हमला कर दिया। तेंदुआ महिला को पकड़कर घसीटते हुए ले जाने लगा, लेकिन उसकी बड़ी बहन ने अदम्य साहस दिखाते हुए शोर मचाया और तेंदुए की ओर दौड़ पड़ी। आसपास के ग्रामीण भी आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे, जिसके बाद तेंदुआ महिला को छोड़कर भाग गया।

 

पानी भरते समय अचानक पहुंचा तेंदुआ

 

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम टेमलीपारा निवासी **शांति मरकाम (45 वर्ष), पिता सोनसिंह**, शाम करीब 6 बजे घर के सामने नल-जल योजना से पानी भर रही थीं। इसी दौरान पहाड़ी की ओर से अचानक तेंदुआ वहां पहुंचा और उन पर हमला कर दिया। तेंदुए ने महिला को पकड़कर घसीटना शुरू कर दिया। घटना से मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

 

 बड़ी बहन ने दिखाई बहादुरी, तेंदुए को छोड़ना पड़ा महिला को

 

बताया जा रहा है कि शांति मरकाम अपनी बहन के साथ रहती हैं। तेंदुए को महिला पर हमला करते और घसीटते देख उनकी बड़ी बहन ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने जोर-जोर से आवाज लगाई और तेंदुए की ओर दौड़ पड़ीं। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण भी घटनास्थल की ओर दौड़े। लोगों की आवाज और भीड़ के कारण तेंदुआ महिला को छोड़कर भाग निकला। इस साहसिक प्रयास से महिला की जान बच गई।

 

गले और सिर पर चोट, अस्पताल में कराया गया भर्ती

 

तेंदुए के हमले में शांति मरकाम के गले के पास और सिर पर चोटें आई हैं। उनके शरीर पर नाखूनों के गहरे निशान भी बताए जा रहे हैं। घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्काल घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगरी पहुंचाया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए भर्ती कराया गया।

 

 सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम पहुंची

 

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों के सहयोग से राहत कार्य में मदद की गई। इस दौरान पूर्व सरपंच रामसिंग, संग्राम जूरी, सहदेव वट्टी, विदेश नाग, देवचंद सहित बीट गार्ड लोमेश साहू और डिप्टी रेंजर ऋषि कुमार मेश्राम ने सहयोग प्रदान किया।

 

ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग से सतर्कता बढ़ाने की मांग

 

ठेमली पारा में तेंदुए के हमले की घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है। पहाड़ी और वन क्षेत्र से लगे गांवों में जंगली जानवरों की आवाजाही ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। ग्रामीणों की मांग है कि वन विभाग क्षेत्र में निगरानी बढ़ाए और लोगों को सतर्क रहने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करे।

 

✍️ब्लॉक रिपोर्टर जयकिशन साहू नगरी हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज

State Head - KISHOR_HP
Written by

State Head - KISHOR_HP

Contributing writer at THE NEWS HUB. Covering the latest developments in हादसा.

Comments (0)

Leave a Comment

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Latest Videos