हमर प्रदेश सीजी न्यूज़
मनोज कुमार भट्ट स्टेट रिपोर्टर बस्तर छत्तीसगढ़
नमो सेवा अनकही कहानियां के मंचन पर सांसद श्री महेश कश्यप का संबोधन — विकसित भारत और राष्ट्र सेवा के संकल्प पर जोर
जगदलपुर, स्थित शहीद गुण्डाधुर कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र के सभागार में सोमवार को नमो सेवा अनकही कहानियां नाट्य मंचन का गरिमामय आयोजन संपन्न हुआ।
इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप ने युवाओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रेरणादायी जीवन, संघर्ष और देश निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान पर प्रकाश डाला।
सांसद श्री कश्यप ने कहा कि एक सामान्य पृष्ठभूमि से निकलकर प्रधान सेवक बनना राष्ट्र सेवा और समर्पण का जीवंत प्रमाण है। उन्होंने 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में कच्छ भूकंप के बाद पुनर्निर्माण, सरदार सरोवर बांध और 182 मीटर ऊंची स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के निर्माण को ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।
उन्होंने कहा कि जनधन योजना के तहत 60 करोड़ से अधिक खाते खोलकर भ्रष्टाचार और बिचौलियों को खत्म किया गया। आज किसान सम्मान निधि, महतारी वंदन और छात्रवृत्ति का पैसा सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंच रहा है। 13 करोड़ से अधिक शौचालय, 15 करोड़ उज्ज्वला गैस कनेक्शन और 4 करोड़ से अधिक प्रधानमंत्री आवास गरीबों के सम्मान का आधार बने हैं।
राष्ट्रीय सुरक्षा पर बोलते हुए उन्होंने धारा 370 और 35A को हटाने को युगांतरकारी निर्णय बताया, जिससे आतंकवाद की कमर टूटी। एयर स्ट्राइक, सर्जिकल स्ट्राइक, S-400 और स्वदेशी मिसाइल तकनीक ने भारत की सामरिक शक्ति का लोहा मनवाया है।
बस्तर के संदर्भ में उन्होंने कहा कि चार दशकों तक नक्सलवाद की पीड़ा झेलने के बाद अब सरकार के दृढ़ संकल्प और सुरक्षा बलों की वीरता से नक्सलवाद समाप्ति की कगार पर है। उन्होंने युवाओं से शहीद गेंदसिंह, झाड़ा सिरहा और गुण्डाधुर के बलिदान से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
अंत में सांसद ने जेन-जी और छात्रों से अपील की कि सिर्फ डिग्री नहीं, संस्कार और राष्ट्रीय निष्ठा भी जरूरी है। देश विरोधी ताकतों से सतर्क रहने और 2047 तक विकसित भारत के संकल्प में योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!