नवीन प्राथमिक शाला सिरगिट्टी में जन्माष्टमी पर दिखा मथुरा-वृंदावन सा नजारा: 90 नन्हे-मुन्ने बने राधा-कृष्ण, फोटोग्राफर रोहन तावड़कर ने संजोए यादगार पल
सिरगिट्टी: स्थानीय नवीन प्राथमिक शाला में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व बड़े ही धूमधाम और आनंदोत्सव के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर पूरी तरह कृष्ण भक्ति और बाल-सुलभ उत्साह के रंग में रंगा नजर आया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण नन्हे स्कूली बच्चों की 'राधा-श्रीकृष्ण रूप सज्जा प्रतियोगिता' रही, जिसमें कक्षा पहली से पांचवीं तक के 90 बच्चों ने मनमोहक वेशभूषा धारण कर सहभागिता की। मोर मुकुट, बांसुरी और पारंपरिक परिधानों में सजे नन्हे कान्हा और राधा रानी के स्वरूप को देखकर उपस्थित सभी लोग मंत्रमुग्ध हो गए।
नन्हे कान्हाओं का हुआ निःशुल्क फोटो शूट

कार्यक्रम के संयोजक योगेश सर के विशेष आग्रह पर शहर के प्रतिष्ठित फोटोग्राफर श्री रोहन तावड़कर अपनी पूरी टीम के साथ शाला पहुंचे। रोहन सर की टीम ने राधा-कृष्ण के रूप में सजे सभी 90 बच्चों का व्यक्तिगत रूप से अलग-अलग आकर्षक फोटो शूट किया। श्री तावड़कर ने घोषणा की कि वे सभी बच्चों को उनकी इन मनमोहक तस्वीरों की एक-एक प्रिंट प्रति निःशुल्क भेंट करेंगे, ताकि यह पल उनके बचपन की अनमोल स्मृति बनकर हमेशा साथ रहे।
दो वर्षों से निरंतर दे रहे हैं निःस्वार्थ सेवा
गौरतलब है कि श्री रोहन तावड़कर विगत दो वर्षों से शाला के विभिन्न आयोजनों में अपनी व्यावसायिक फोटोग्राफी सेवाएं पूरी निष्ठा और निःस्वार्थ भाव से प्रदान कर रहे हैं। विद्यालय परिवार के प्रति उनके इस विशेष योगदान और सामाजिक सरोकार के लिए शाला की शिक्षिका श्रीमती शशि सिंह ने उनका श्रीफल भेंटकर भावभीना स्वागत किया तथा स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनका आभार व्यक्त किया।
बच्चों के चेहरों पर खिली मुस्कान
आयोजन के अंत में रूप सज्जा में भाग लेने वाले सभी नन्हे प्रतिभागियों को विद्यालय परिवार की ओर से उपहार स्वरूप आकर्षक वॉटर बॉटल वितरित की गईं। उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय की शिक्षिका श्रीमती मुमताज बेगम खान, श्रीमती सुमन बड़ा, श्रीमती पूर्णिमा पात्रे और श्रीमती सीता रजक की सक्रिय भूमिका और गरिमामयी उपस्थिति रही। इस रंगारंग उत्सव ने न केवल बच्चों में भारतीय संस्कृति के प्रति रुचि जगाई, बल्कि पूरे विद्यालय प्रांगण को गोकुल जैसा रूप दे दिया।
अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर बिलासपुर छत्तीसगढ़

हमर प्रदेश सी जी
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!