अंबिकापुर। बलरामपुर जिले के रामानुजगंज थाना क्षेत्र के ग्राम देवीगंज में नशे की लत से जुड़ी दो घटनाओं ने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया। शराब के लिए पैसे नहीं मिलने पर 20 वर्षीय युवक ने आत्महत्या कर ली। वहीं, दोस्त की मौत की खबर से सदमे में आए 19 वर्षीय युवक ने भी जहरीला पदार्थ खा लिया। गंभीर हालत में उसका उपचार अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम देवीगंज निवासी सूरज सिंह पिता बुधाई सिंह (20) वाहन चलाने का काम करता था और शराब का आदी बताया गया है। घटना के दिन शराब पीने के बाद उसने परिवार से दोबारा शराब खरीदने के लिए पैसे मांगे। परिजनों ने समझाइश देते हुए पैसे देने से इनकार कर दिया।
बताया जा रहा है कि इससे नाराज होकर सूरज ने घर में फांसी लगा ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू की।
इसी बीच, सूरज की मौत की खबर उसके 19 वर्षीय दोस्त पवन सिंह को मिली। दोस्त की मौत से वह कथित तौर पर सदमे में आ गया और करीब एक घंटे बाद जहरीला पदार्थ खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
कम समय में हुई दो घटनाओं से देवीगंज गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटनाओं के पीछे अन्य कोई कारण तो नहीं था।
✍️ किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर हमर प्रदेश
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!