✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज स्टेट हेड रिपोर्टर — किशोर कुमार
दुर्ग। जामुल थाना क्षेत्र के घासीदास नगर स्थित शिव शक्ति तालाब में नहाने के दौरान एक 32 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची SDRF दुर्ग की टीम ने कड़ी मशक्कत और सघन सर्च ऑपरेशन के बाद युवक का शव तालाब से बाहर निकाला।
मृतक की पहचान मनी जंघेल, पिता कांता जंघेल, निवासी घासीदास नगर, जामुल के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, मनी जंघेल तालाब में नहाने के लिए गया था। इसी दौरान वह तालाब के गहरे हिस्से में चला गया और पानी में डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही जिला सेनानी, नगर सेना, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं दुर्ग की SDRF टीम को तत्काल मौके पर भेजा गया।
SDRF टीम ने आवश्यक जीवन रक्षक उपकरणों के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। टीम के अनुभवी डीप डाइवर्स राजकुमार यादव और चंद्र प्रताप ने गहरे पानी में उतरकर सघन सर्च अभियान चलाया। काफी तलाश और मशक्कत के बाद टीम ने युवक के शव को खोज निकाला और पानी से बाहर निकाला।
रेस्क्यू अभियान पूरा होने के बाद शव को जामुल थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस द्वारा मर्ग पंचनामा सहित आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
घटना के बाद मृतक के परिवार में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि तालाब, नदी या अन्य जलस्रोतों में नहाते समय विशेष सावधानी बरतें और गहरे पानी में जाने से बचें।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!