✍ किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर हमर प्रदेश
कोरबा। बिहार के नालंदा जिले में बड़ी डकैती को अंजाम देकर फरार चल रहे दो इनामी आरोपियों को बिहार पुलिस ने छत्तीसगढ़ के कोरबा से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सोनू कुमार महतो (26) और धीरज कुमार महतो (25) के रूप में हुई है। दोनों आरोपी कोरबा के निहारिका क्षेत्र में धीरज के जीजा के घर छिपे हुए थे।
आरोपियों की लोकेशन मिलने के बाद बिहार पुलिस की टीम कोरबा पहुंची। पुलिस ने स्थानीय स्तर पर घेराबंदी की और सुभाष चौक के पास दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद बिहार पुलिस दोनों को अपने साथ लेकर रवाना हुई।
हथियारबंद बदमाशों ने की थी सवा करोड़ की डकैती
मामला नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र के देवीसराय का है। बताया गया कि 3 अगस्त की रात खाद एवं बीज कारोबारी राजीव रंजन के घर करीब 12 हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोल दिया था।
डकैतों ने घर से करीब 45 लाख रुपये नकद, लगभग 450 ग्राम सोने के जेवर, करीब 3 किलो चांदी समेत लगभग सवा करोड़ रुपये का सामान लूट लिया था। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए थे।
घटना के बाद बिहार पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। जांच के दौरान दोनों आरोपियों के कोरबा में छिपे होने की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस टीम ने यहां पहुंचकर कार्रवाई की।
पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर डकैती में शामिल अन्य आरोपियों और लूटे गए सामान के संबंध में जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!