मनोज कुमार भट्ट स्टेट रिपोर्टर जगदलपुर छत्तीसगढ़
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
नुआखाई की रात छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर सनसनी : छतरमड़ई में महिला की हत्या, गांव में हड़कंप, संदिग्ध युवक पकड़ाया
छुरा (गरियाबंद) छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा क्षेत्र के अंतिम गांव छतरमड़ई* में नुआखाई पर्व की रात एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे गांव में सनसनी फैला दी। मंगलवार देर रात एक महिला की हत्या के मामले से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार देर रात महिला की हत्या की सूचना ग्रामीणों को मिली। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। बताया जा रहा है कि पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही गांव के कुछ लोगों ने हत्या के संदेह में एक युवक को पकड़ कर रोक लिया था और बाद में पुलिस के आने पर उसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
मृतका की पहचान रतनी सोरी (लगभग 37 वर्ष), पति गंगाराम सोरी के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही छुरा पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची, मौके का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई की गई। पुलिस ने साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पंचनामा के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो पाएगा। वहीं ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए संदिग्ध युवक को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है। पर्व के उत्सवी माहौल के बीच हुई इस वारदात से ग्रामीण चिंतित हैं।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!