✍️हेतराम साहू स्टेट- रिपोर्टर
हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
पीएम आशा योजना से चमकी किसान गणेश पटेल की किस्मत, सरसों बेचकर मिला ₹1.08 लाख का लाभ
उचित मूल्य मिलने से मजबूत हुई आर्थिक स्थिति, अब अगली फसल की तैयारी में जुटेंगे किसान
महासमुंद, 15 अक्टूबर 2026। केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण योजना (पीएम आशा) किसानों के लिए आर्थिक संबल बनकर उभर रही है। योजना के माध्यम से किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने और बाजार में कीमतों में गिरावट से होने वाले नुकसान से राहत पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। इसका लाभ जिले के पिथौरा विकासखंड के ग्राम ठेलकादादर निवासी किसान गणेश पटेल को भी मिला है। सरसों की फसल का उचित मूल्य मिलने से उन्हें 1 लाख 8 हजार रुपये का आर्थिक लाभ प्राप्त हुआ है।
4.80 हेक्टेयर भूमि पर करते हैं खेती
ग्राम ठेलकादादर निवासी प्रगतिशील कृषक गणेश पटेल के पास कुल 4.80 हेक्टेयर कृषि भूमि है। उन्होंने रबी वर्ष 2025 में अपने खेतों में सरसों की खेती की थी। फसल तैयार होने के बाद उन्होंने योजना के तहत समिति में पंजीयन कराकर अपनी उपज का विक्रय सरसों उपार्जन केंद्र पिथौरा में किया।
पीएम आशा योजना के माध्यम से उन्हें अपनी सरसों की उपज का उचित मूल्य प्राप्त करने में मदद मिली। बाजार मूल्य में गिरावट के प्रभाव से राहत मिलने के साथ उन्हें कुल 1 लाख 8 हजार रुपये का आर्थिक लाभ हुआ। इससे उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूती मिली और खेती-किसानी से जुड़ी जरूरतों को पूरा करने में सहायता मिली।
खाद-बीज की व्यवस्था में मिलेगी मदद
योजना से प्राप्त आर्थिक लाभ किसान गणेश पटेल के लिए आगामी खेती की तैयारी में सहायक साबित होगा। इस राशि से वे खाद, बीज सहित अन्य आवश्यक कृषि सामग्री की व्यवस्था कर सकेंगे। इससे अगली फसल की तैयारी बेहतर ढंग से करने और कृषि कार्यों को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
किसान गणेश पटेल ने योजना से लाभ मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस योजना से प्राप्त सहायता खेती की लागत और कृषि संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने में मददगार साबित हुई है। इससे उन्हें आगामी कृषि गतिविधियों की तैयारी करने का अवसर मिला है।
पीएम आशा योजना के माध्यम से किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने की पहल कृषि क्षेत्र में आर्थिक सुरक्षा को बढ़ावा देने के साथ किसानों का भरोसा मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रही है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!