✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
कवर्धा। कबीरधाम जिले में फर्जी डिजिटल पेमेंट की रिसीविंग दिखाकर दुकानदारों और आम लोगों से नकद रकम ठगने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ऑनलाइन फर्जी UPI पेमेंट और रिसीविंग तैयार करने का तरीका सीखकर लोगों को अपना शिकार बनाता था। मामले में पिपरिया, सासपुर लोहारा और दशरंगपुर चौकी क्षेत्र में कुल चार शिकायतें सामने आई थीं।
PhonePe की फर्जी रिसीविंग दिखाकर लिए 5 हजार रुपये
ग्राम परसवारा निवासी सूरज पटेल ने 7 सितंबर 2026 को पिपरिया थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि मोटरसाइकिल से आया एक व्यक्ति अपना नाम जेम्स बताते हुए PhonePe के जरिए रकम ट्रांसफर करने के बदले नकद राशि देने की बात कही। आरोपी ने PhonePe स्कैनर स्कैन करने के बाद भुगतान की रिसीविंग दिखाई। इसे वास्तविक मानकर सूरज पटेल ने आरोपी को 5 हजार रुपये नकद दे दिए।
बाद में बैंक खाता चेक करने पर पता चला कि उनके खाते में कोई राशि जमा ही नहीं हुई थी। इसी तरह की शिकायतें अन्य थाना क्षेत्रों से भी पुलिस को प्राप्त हुईं।
तीन थाना क्षेत्रों में सामने आए मामले
डीएसपी अखिलेश कौशिक के अनुसार, आरोपी अलग-अलग दुकानदारों के पास पहुंचकर उन्हें PhonePe का फर्जी भुगतान दिखाता था और यह विश्वास दिलाता था कि रकम उनके खाते में ट्रांसफर कर दी गई है। इसके बाद वह दुकानदारों से नकद राशि लेकर फरार हो जाता था।
पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव (IPS) के निर्देशन में साइबर थाना और पिपरिया पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।
सिग्नल चौक के पास आरोपी गिरफ्तार
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी जेम्स हलदार, निवासी दाढ़ी, जिला बेमेतरा को कवर्धा के सिग्नल चौक के पास गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में उसके खिलाफ पिपरिया, सासपुर लोहारा और दशरंगपुर चौकी क्षेत्र में कुल चार मामले दर्ज होना सामने आया है।
इन मामलों में 5 हजार, 8 हजार, 20 हजार और 7 हजार रुपये की ठगी की गई थी।
मोबाइल और मोटरसाइकिल सहित सामान जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 5 हजार रुपये नकद, एक Vivo मोबाइल, एक iPhone और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल जब्त की है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने ऑनलाइन फर्जी डिजिटल पेमेंट और फर्जी रिसीविंग दिखाकर ठगी करने का तरीका सीखा था।
कबीरधाम पुलिस की लोगों से अपील
कबीरधाम पुलिस ने आम नागरिकों, व्यापारियों और दुकानदारों से सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि केवल PhonePe, Google Pay या किसी अन्य UPI की रिसीविंग देखकर यह न मानें कि भुगतान प्राप्त हो गया है।
सामान देने या किसी व्यक्ति को नकद राशि सौंपने से पहले अपने मोबाइल में बैंक खाते का वास्तविक ट्रांजैक्शन और बैलेंस जरूर चेक करें। फर्जी स्क्रीनशॉट या रिसीविंग के झांसे में आने से बचें।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!