✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
जगदलपुर-कोंडागांव। जगदलपुर-कोंडागांव सीमा पर रविवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कोंडागांव से जगदलपुर की ओर जा रही एक स्कॉर्पियो ने मंत्री केदार कश्यप की कार को जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद अनियंत्रित स्कॉर्पियो मंत्री के फॉलो वाहन से भी जा भिड़ी।
हादसे में फॉलो वाहन में सवार चार पुलिस जवान घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल कोंडागांव जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। हादसे में फॉलो वाहन और स्कॉर्पियो को काफी नुकसान पहुंचा है।
बाल-बाल बचे मंत्री
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मंत्री केदार कश्यप इस हादसे में बाल-बाल बच गए। उन्हें गंभीर चोट नहीं आई है। बताया जा रहा है कि मंत्री का काफिला फरसागुड़ा से कोंडागांव की ओर आ रहा था। इसी दौरान जूनवानी के पास सामने से आ रही स्कॉर्पियो ने पहले मंत्री की कार को टक्कर मारी और फिर फॉलो वाहन से जा भिड़ी।
हादसे की जांच में जुटी पुलिस
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है और स्कॉर्पियो चालक से पूछताछ सहित दुर्घटना की परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है।
फिलहाल मंत्री केदार कश्यप सुरक्षित बताए जा रहे हैं, जबकि घायल चारों पुलिस जवानों का कोंडागांव जिला अस्पताल में इलाज जारी है। समय पर राहत और उपचार मिलने से बड़ी जनहानि टल गई।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!