बिलासपुर/रतनपुर। बढ़ते नशे के कारोबार के खिलाफ रतनपुर में महिलाओं ने मोर्चा खोल दिया है। पूर्व पार्षद नीतू सिंह की अगुवाई में नगरपालिका क्षेत्र के विभिन्न वार्डों से बड़ी संख्या में महिलाएं एकजुट हुईं और नशामुक्ति जागरूकता रैली निकालकर लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
गांधीनगर से शुरू हुई रैली भीम चौक होते हुए महामाया चौक तक पहुंची। हाथों में नशा विरोधी संदेश लिखे पोस्टर लेकर महिलाओं ने पैदल मार्च किया और राहगीरों व आम नागरिकों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया।
पोस्टरों पर “नशा नाश की जड़ है भाई, दूर रहने में है सबकी भलाई” जैसे संदेश लिखे गए थे। महिलाओं ने कहा कि नशे की वजह से कई परिवार आर्थिक और सामाजिक परेशानियों से जूझ रहे हैं। इसका सबसे ज्यादा असर युवा पीढ़ी पर पड़ रहा है।
थाने पहुंचकर सौंपा ज्ञापन
जागरूकता रैली के बाद महिलाएं रतनपुर थाना पहुंचीं और पुलिस को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र में कथित रूप से संचालित अवैध नशे के कारोबार और नशेड़ियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
महिलाओं ने पुलिस से मांग की कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ बिना किसी दबाव के निष्पक्ष और कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही गलियों और मोहल्लों में नशीले पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी और कार्रवाई की मांग की गई।
महिलाओं का कहना है कि केवल पुलिस कार्रवाई से ही नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग की भागीदारी से नशे के खिलाफ अभियान को सफल बनाया जा सकता है। उन्होंने युवाओं को नशे से बचाने के लिए जागरूकता अभियान लगातार जारी रखने का भी आह्वान किया।
✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!