बरगद के नीचे कट रही दिव्यांग की जिंदगी, प्रशासन से लगाई मदद की गुहार
गरियाबंद। घर नहीं है, रोजगार का सहारा नहीं और इलाज के लिए भी आर्थिक स्थिति साथ नहीं दे रही। ऐसे हालात में गरियाबंद शहर के वार्ड नंबर 15 में काली मंदिर के पास एक दिव्यांग व्यक्ति बरगद के पेड़ के नीचे रहने को मजबूर है। परेशान होकर अब उसने प्रशासन के सामने अपनी समस्याएं रखी हैं।
वार्ड नंबर 15 निवासी अनिल यादव, पिता स्व. शशि यादव ने 22 सितंबर 2026 को कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन देकर अपनी स्थिति से प्रशासन को अवगत कराया। आवेदन का टोकन क्रमांक 2190126001861 है। आवेदन की प्रतियां मुख्यमंत्री, एसपी, एसडीएम और तहसीलदार गरियाबंद को भी भेजी गई हैं।
आवास से लेकर रोजगार तक की मांग
अनिल यादव ने प्रशासन से रहने के लिए पक्का मकान उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका कहना है कि वर्तमान में उनके पास रहने के लिए घर नहीं है और मौसम की मार के बीच उन्हें खुले में जीवन गुजारना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि वे पहले वन विभाग में दैनिक वेतनभोगी के तौर पर काम कर चुके हैं। उनके अनुसार मजदूरी की कुछ राशि अब भी बकाया है। उन्होंने बकाया भुगतान कराने के साथ दोबारा रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की है।
इसके अलावा अपनी आर्थिक स्थिति और दिव्यांगता को देखते हुए उन्होंने निःशुल्क इलाज और रोजगार की व्यवस्था कराने की मांग की है। आवागमन में परेशानी को देखते हुए शासन से ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने की मांग भी आवेदन में की गई है।
तीन दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो आमरण अनशन की चेतावनी
अनिल यादव ने आवेदन में कहा है कि यदि उनकी मांगों का तीन दिनों के भीतर निराकरण नहीं किया जाता है, तो वह आमरण अनशन करने का कदम उठाएंगे। उन्होंने प्रशासन से अपनी समस्याओं पर तत्काल ध्यान देने की मांग की है।
अब इस मामले में प्रशासन की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।
रिपोर्ट: HamarPradeshCG.com
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!