हमर प्रदेश सीजी न्यूज़
मनोज कुमार भट्ट - स्टेट रिपोर्टर बस्तर छत्तीसगढ़
बस्तर में छूटे हुए और नए युवा मतदाताओं के लिए सुनहरा मौका, 31 अक्टूबर तक चलेगा विशेष पंजीकरण अभियान
जगदलपुर, 07 अक्टूबर 2026।जिले के हजारों युवाओं और उन नागरिकों के लिए अच्छी खबर है जिनका नाम अब तक वोटर लिस्ट में नहीं जुड़ पाया है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर बस्तर जिले में मतदाता सूची के सतत् अद्यतनीकरण हेतु विशेष अभियान शुरू किया गया है।
कलेक्टर ने जारी किया परिपत्र
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री आकाश छिकारा द्वारा जारी परिपत्र के अनुसार यह विशेष अभियान 5 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक पूरे जिले में संचालित होगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ऐसे सभी पात्र नागरिकों, विशेषकर 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके नए युवा मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ना है, जो किसी कारणवश अब तक अपना पंजीकरण नहीं करा पाए हैं।
*BLO करेंगे घर-घर सत्यापन*
इस अवधि के दौरान सभी मतदान केंद्रों के बूथ लेवल अधिकारी (BLO) मतदाताओं के घर-घर जाकर सत्यापन करेंगे। वे छूटे हुए मतदाताओं का नाम जोड़ने, मृत या स्थानांतरित मतदाताओं का नाम हटाने और अन्य त्रुटियों को सुधारने की औपचारिकताएं पूरी करेंगे।
घर बैठे भी कर सकते हैं आवेदन
भारत निर्वाचन आयोग ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस अभियान का लाभ डिजिटल माध्यम से भी ले सकते हैं।
ऑनलाइन वेबसाइट: http://voters.eci.gov.in पर जाकर
मोबाइल ऐप:ECI Net App डाउनलोड करके
फॉर्म:फॉर्म-6 भरकर नया पंजीकरण किया जा सकता है।
जिला निर्वाचन कार्यालय ने बस्तर के सभी पात्र नागरिकों और युवाओं से आह्वान किया है कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करते हुए अपने मताधिकार की सुरक्षा करें।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!