बिलासपुर में बेखौफ लुटेरों का तांडव: सीपत NTPC कर्मी को रास्ते में दो बार घेरा, लूट का विरोध करने पर पीठ में घोंप दिया चाकू
बिलासपुर। न्यायधानी की सड़कों पर अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी रोंगटे खड़े कर देने वाली बानगी सीपत क्षेत्र में देखने को मिली।

शुक्रवार शाम बाजार से लौट रहे एनटीपीसी सीपत के एक ठेका कर्मी पर चार लुटेरों ने जानलेवा हमला कर दिया। लूट में नाकाम होने पर बेखौफ बदमाशों ने कर्मचारी की पीठ में खंजर घोंप दिया। खून से लथपथ हालत में पीड़ित किसी तरह जान बचाकर भागा, जिसे गंभीर स्थिति में सिम्स (CIMS) बिलासपुर में भर्ती कराया गया है।

पीछा कर सुनसान रास्ते पर दोबारा घेरा
मूल रूप से बिहार निवासी 40 वर्षीय इरशाद अली NTPC सीपत में वेल्डर सुपरवाइजर के रूप में कार्यरत हैं। शुक्रवार शाम वह जांजी बाजार से सब्जी व चिकन लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान नहर रोड पर चार अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोका और पूछताछ के बहाने मोबाइल व नकदी छीनने का दबाव बनाने लगे।

गनीमत रही कि उसी वक्त वहां से कुछ साइकिल सवार ग्रामीण गुजर रहे थे। ग्रामीणों की मौजूदगी देख लुटेरे सहम गए और ग्रामीणों की फटकार के बाद बदमाश वहां से हट गए। ग्रामीण इरशाद को जांजी चौक तक सुरक्षित छोड़ आए, लेकिन बदमाशों की सनक खत्म नहीं हुई थी।
विरोध करने पर पीठ में घोंपा चाकू

जांजी चौक से जैसे ही इरशाद अपने घर की ओर जाने वाले सुनसान रास्ते पर मुड़े, घात लगाए बैठे चारों बदमाशों ने उन्हें फिर से घेर लिया। बदमाशों ने गाली-गलौज करते हुए मोबाइल और पर्स मांगा। जब इरशाद ने इसका पुरजोर विरोध किया, तो एक बदमाश ने पीछे से जानलेवा वार करते हुए उनकी पीठ में चाकू घोंप दिया।
चाकू धंसते ही इरशाद दर्द से चीख पड़े और जान बचाने के लिए खून से लथपथ हालत में पास की एक किराना दुकान की ओर दौड़े। दुकानदार ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तत्काल स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जहां गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें सिम्स रेफर कर दिया।

इलाके में दहशत, पुलिस की गश्त पर उठे सवाल
इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। खुलेआम राहगीरों को घेरकर चाकूबाजी की घटना ने पुलिस पेट्रोलिंग और सुरक्षा व्यवस्था की कलई खोल दी है। ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक गतिविधियों पर नकेल कसने तथा आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की जा रही है।
अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर बिलासपुर छत्तीसगढ़

हमर प्रदेश सी जी
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!