बैंक हड़ताल टली, ग्राहकों को राहत; 26 अक्टूबर से फिर हड़ताल की चेतावनी
रायपुर | हमर प्रदेश CG
देशभर के बैंक ग्राहकों के लिए राहत की खबर है। 28 से 30 सितंबर 2026 तक प्रस्तावित बैंक हड़ताल फिलहाल टाल दी गई है। इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच रविवार रात हुई बैठक के बाद यह सहमति बनी।
हड़ताल टलने से 28 से 30 सितंबर के दौरान बैंकिंग सेवाओं के लगातार प्रभावित होने की आशंका फिलहाल खत्म हो गई है। हालांकि, बैंक कर्मचारियों की प्रमुख मांगों पर अभी अंतिम समाधान नहीं निकला है।
5 डे वर्किंग पर बनेगी कमेटी
बैठक में सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करने के मुद्दे पर चर्चा हुई। इसके लिए एक उच्चस्तरीय कमेटी गठित करने पर सहमति बनी है। कमेटी विभिन्न विकल्पों पर विचार कर संबंधित पक्षों से बातचीत करेगी।
बैंक कर्मचारी लंबे समय से शनिवार और रविवार को अवकाश रखने की मांग कर रहे हैं। यूनियनों की ओर से सोमवार से शुक्रवार तक रोजाना अतिरिक्त कार्य समय देने का विकल्प भी रखा गया है।
PLI के मुद्दे पर भी होगी चर्चा
स्केल IV और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन यानी PLI को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई। यूनियनों की आपत्तियों और सुझावों को सरकार के सामने रखा जाएगा। इसके बाद IBA इस विषय पर आगे बातचीत करेगा।
26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
सितंबर की प्रस्तावित हड़ताल टलने के बावजूद बैंक यूनियनों ने आंदोलन पूरी तरह खत्म नहीं किया है। मांगों पर समाधान नहीं निकलने की स्थिति में 26 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी गई है।
फिलहाल 28 से 30 सितंबर की प्रस्तावित हड़ताल टलने से बैंक ग्राहकों को बड़ी राहत मिली है।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!