✍️ हमर प्रदेश छत्तीसगढ़ न्यूज दुर्ग ब्यूरो चीफ रिपोर्टर कलावती
भिलाई। छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से अक्टूबर माह तक चलाए जा रहे ‘साइबर जागृति अभियान’ के तहत दुर्ग पुलिस ने साइबर अपराधों की रोकथाम और आम नागरिकों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया।
इसी कड़ी में भिलाई नगर निगम के सभी 70 वार्डों में एक साथ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें लगभग 7,000 से 10,000 नागरिकों एवं युवाओं को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
पुलिस की टीमों ने प्रेमनगर, वार्ड क्रमांक 43 बापू नगर, कुम्हारी स्थित पीजीडीसीए (PGDCA) सेंटर सहित विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर नागरिकों और विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया। इस दौरान ऑनलाइन ठगी, फर्जी फोन कॉल, संदिग्ध लिंक, फर्जी वेबसाइट और डिजिटल धोखाधड़ी के तरीकों के बारे में जानकारी दी गई।
पुलिस ने लोगों को विशेष रूप से समझाया कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, PIN, पासवर्ड, बैंक खाते अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से भी बचने की सलाह दी गई।
ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि डिजिटल माध्यमों का उपयोग करते समय सतर्कता बरतें। यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी हो जाती है, तो बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं तथा आवश्यक होने पर नजदीकी पुलिस थाने में भी सूचना दें।
पुलिस के अनुसार, साइबर ठगी की सूचना जितनी जल्दी दी जाएगी, रकम को रोकने और मामले में कार्रवाई की संभावना उतनी ही बढ़ सकती है। अभियान के माध्यम से पुलिस ने नागरिकों से सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने और साइबर अपराधों के प्रति सजग रहने की अपील की।
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!