*महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश ने किया दुर्ग-गोंदिया-नागपुर रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग संरक्षा निरीक्षण*
*महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश ने किया दुर्ग-गोंदिया–नागपुर रेलखंड का सघन संरक्षा निरीक्षण, गोंदिया स्टेशन का भी लिया जायजा*

*दपूमरे, नागपुर मंडल - 08 सितंबर 2026*
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश ने आज दिनांक 08 सितंबर 2026 दुर्ग-गोंदिया–नागपुर रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग के माध्यम से विस्तृत संरक्षा निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य रेल परिचालन में संरक्षा मानकों की समीक्षा करने के साथ-साथ रेलखंड, स्टेशन एवं यात्री सुविधाओं की व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष जायजा लेना रहा।

महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश द्वारा दुर्ग से गाड़ी संख्या 22619 तिरुनेलवेली सुपर फास्ट एक्सप्रेस से विंडो ट्रेलिंग निरिक्षण करते हुए दोपहर 12:43 बजे गोंदिया स्टेशन पहुंचे। इस दौरान नागपुर मंडल रेल प्रबंधक श्री दीपक कुमार गुप्ता सहित नागपुर मंडल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। गोंदिया पहुंचने पर स्थानीय अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके पश्चात महाप्रबंधक ने गोंदिया स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान स्टेशन की परिचालन व्यवस्था, प्लेटफॉर्म, यात्री सुविधाओं, स्वच्छता, यात्री आवागमन तथा संरक्षा से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। महाप्रबंधक ने संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए यात्रियों की सुविधा एवं संरक्षित रेल परिचालन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इसके पश्चात महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश गाड़ी संख्या 12106 विदर्भ एक्सप्रेस से गोंदिया से नागपुर के लिए रवाना हुए। यात्रा के दौरान उन्होंने गोंदिया–नागपुर रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग के माध्यम से संरक्षा निरीक्षण किया। इस दौरान रेल पथ, ट्रैक के आसपास की स्थिति, पुलों, समपारों तथा अन्य महत्वपूर्ण रेल परिसंपत्तियों एवं परिचालन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं का अवलोकन किया गया। महाप्रबंधक ने रेलखंड की स्थिति एवं संरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यकतानुसार सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस निरीक्षण के दौरान नागपुर मंडल रेल प्रबंधक श्री दीपक कुमार गुप्ता ने महाप्रबंधक को मंडल में संरक्षा एवं यात्री सुविधाओं से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
गोंदिया स्टेशन पर महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश ने रेल परामर्शदात्री सहयोग समिति के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात कर चर्चा की। समिति के प्रतिनिधियों ने गोंदिया एवं आसपास के क्षेत्रों से संबंधित यात्री सुविधाओं, रेल सेवाओं तथा यात्रियों की आवश्यकताओं से जुड़े विभिन्न विषय एवं सुझाव एवं मांग पत्र महाप्रबंधक के समक्ष रखे। महाप्रबंधक ने प्रतिनिधियों की बातों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई एवं विभिन्न मांगों की संभावनाओं की समीक्षा करने के निर्देश दिए इसके साथ ही स्थानीय पत्रकारों एवं मीडिया प्रतिनिधियों की भी उपस्थिति सराहनीय रही ।
महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश के इस निरीक्षण के दौरान संरक्षा, यात्री सुविधा एवं परिचालन दक्षता पर विशेष जोर रहा। विंडो ट्रेलिंग के माध्यम से दुर्ग-गोंदिया–नागपुर रेलखंड की वास्तविक स्थिति का प्रत्यक्ष आकलन किया गया। यह निरीक्षण रेल परिचालन को और अधिक सुरक्षित एवं सुचारु बनाने तथा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण रहा।
अभिषेक कुमार पाण्डेय स्टेट हेड रिपोर्टर बिलासपुर छत्तीसगढ़

हमर प्रदेश सी जी
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!