महासमुंद। जिले की बदहाल सड़कों और आम जनता की समस्याओं को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव के महासमुंद आगमन के दौरान विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नेहरू चौक स्थित कांग्रेस भवन के सामने काले झंडे दिखाकर सड़कों की स्थिति सुधारने की मांग उठाई।
विरोध प्रदर्शन में पूर्व विधायक विनोद सेवालाल चंद्राकर, पूर्व कांग्रेस जिला अध्यक्ष रश्मि चंद्राकर, जिला कांग्रेस अध्यक्ष द्वारकाधीश यादव, किसान कांग्रेस के दाऊ लाल चंद्राकर सहित कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
जिले की प्रमुख सड़कों की बदहाली का मुद्दा
पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर ने महासमुंद जिले की विभिन्न प्रमुख सड़कों की खराब स्थिति को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने चिंगरौद-बम्हनी रोड, तुमगांव रोड, खट्टी-खम्हारिया रोड, बागबाहरा-झलप रोड, बिरकोनी-अछरीडीह रोड, बिरकोनी-बड़गांव रोड और भोरिंग-अछोली रोड सहित महासमुंद विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों की सड़कों के सुधार की मांग की।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि बारिश के मौसम में सड़कों पर बने गड्ढों और कीचड़ के कारण आम नागरिकों, वाहन चालकों और व्यापारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, कई गांवों में पानी की टंकियों से नियमित जल आपूर्ति और महासमुंद बस स्टैंड की व्यवस्थाओं को लेकर भी सवाल उठाए गए।
तत्काल मरम्मत और निर्माण की मांग
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार से जिले की प्रमुख सड़कों का तत्काल निरीक्षण कराने और आवश्यकतानुसार मरम्मत एवं निर्माण कार्य जल्द शुरू करने की मांग की है। उनका कहना है कि खराब सड़कों के कारण लोगों को रोजाना आवागमन में परेशानी हो रही है, इसलिए बारिश के बाद नहीं बल्कि तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए।
पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर ने कहा कि यह विरोध किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं है, बल्कि महासमुंद की जनता की समस्याओं को सामने लाने के उद्देश्य से किया गया है। उन्होंने कहा कि वे जनता की आवाज को लगातार उठाते रहेंगे और सड़क, पानी तथा बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर आगे भी संघर्ष जारी रहेगा।
खबर: हमर प्रदेश छत्तीसगढ़
hamarpradeshcg.com
स्टेट रिपोर्टर: संतन दास मानिकपुरी
Comments (0)
Leave a Comment
No comments yet. Be the first to share your thoughts!